गोरखपुर. मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार को पद से हटाने की मांग को लेकर आज मंगलवार 12 अक्टूबर को दिल्ली में इंडिया गठबंधन के धरना-प्रदर्शन पर उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने विपक्षी दलों पर निशाना साधा. उन्होंने आरोप लगाया कि विपक्षी नेता अराजकता पैदा कर आम जनता को असुविधा पहुंचा रहे हैं और देश की संवैधानिक संस्थाओं पर सवाल उठा रहे हैं. योगी ने कहा कि चुनाव जीतने पर विपक्ष इसे अपना पुरुषार्थ बताता है, लेकिन हारने पर ईवीएम और चुनाव आयोग को दोष देने लगता है.

इसे भी पढ़ें- दो बच्चों की मां से संबंध! वाराणसी में डिलीवरी बॉय का फंदे से लटका मिला शव

चुनाव आयोग और अदालत पर सवाल उठाने का आरोप

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि विपक्षी दलों का रवैया लोकतांत्रिक संस्थाओं के प्रति सवाल खड़े करता है. जब विपक्ष चुनाव जीतता है तो इसे अपनी उपलब्धि बताता है, लेकिन हारने पर चुनाव प्रक्रिया और ईवीएम पर सवाल उठाता है. उन्होंने कहा कि अदालत मेरिट के आधार पर फैसला देती है, तब भी विपक्ष उसे कटघरे में खड़ा करने का प्रयास करता है.

कांग्रेस को अपने आचरण में बदलाव की नसीहत

सीएम योगी ने कहा कि इस तरह का रवैया कांग्रेस की नियति का हिस्सा बन गया है. उन्होंने विपक्षी नेताओं को अपने आचरण और नेतृत्व में बदलाव करने की नसीहत दी. मुख्यमंत्री ने कहा कि देश के लोग अराजकता को स्वीकार नहीं करेंगे और इसे लंबे समय तक बर्दाश्त नहीं करेंगे. उन्होंने चेतावनी दी कि इसी तरह की राजनीति जारी रही तो विपक्ष के पास जो कुछ बचा है, वह भी गंवाना पड़ सकता है.

महिला सुरक्षा पर भी गिनाईं सरकार की उपलब्धियां

धरना-प्रदर्शन पर बयान के साथ मुख्यमंत्री ने उत्तर प्रदेश में महिला सुरक्षा को लेकर सरकार के कामों का भी जिक्र किया. सोशल मीडिया मंच एक्स पर उन्होंने 2017 से पहले और बाद के प्रदेश के माहौल की तुलना करते हुए कहा कि राज्य में महिला सुरक्षा की स्थिति में बदलाव आया है. उन्होंने अपराध और अपराधियों के खिलाफ जीरो टॉलरेंस नीति, तकनीक आधारित निगरानी और पुलिस की त्वरित कार्रवाई को इसका आधार बताया.

इसे भी पढ़ें- दिल्ली में मारपीट के वीडियो पर यूपी में सियासी घमासान, अखिलेश पर बरसे BJP विधायक नंदकिशोर गुर्जर

मिशन शक्ति और महिला पुलिस बल का उल्लेख

योगी ने मिशन शक्ति के पांच चरणों, सेफ सिटी परियोजना, मिशन शक्ति केंद्रों और महिला बीट पुलिसिंग का जिक्र किया. उन्होंने दावा किया कि 20 प्रतिशत आरक्षण के साथ प्रदेश में महिला पुलिसकर्मियों की संख्या 10 हजार से बढ़कर 44 हजार से अधिक हो गई है. साथ ही लखनऊ, गोरखपुर और बदायूं में वीरांगनाओं के नाम पर तीन महिला पीएसी बटालियनों के गठन की जानकारी दी.