गोरखपुर. मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने रविवार को जनपद गोरखपुर के चौरी-चौरा विधानसभा क्षेत्र में 287 करोड़ से ज्यादा की लागत की 84 विकास परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास किया. इनमें समपार संख्या 147-बी पर निर्मित रेल उपरिगामी सेतु भी शामिल है.
इस अवसर पर विभिन्न जनहितकारी योजनाओं के लाभार्थियों को प्रमाण-पत्र, स्वीकृति-पत्र और कृषक बंधुओं को बीज किट एवं प्रशस्ति-पत्र वितरित किए गए. मुख्यमंत्री ने प्रदेश के सर्वांगीण विकास के प्रति राज्य सरकार की प्रतिबद्धता दोहराते हुए कहा कि विकास की प्रत्येक पहल का उद्देश्य जनसामान्य के जीवन को सुगम बनाना और क्षेत्र को प्रगति की नई ऊंचाइयों तक पहुंचाना है. इन परियोजनाओं से गोरखपुर के आधारभूत ढांचे को मजबूती मिलेगी और क्षेत्र में आवागमन सुगम होगा और जनसुविधाओं का विस्तार होगा.
इसे भी पढ़ें : एक हजार हाथ, पांच जोन और एक लाख से ज्यादा दीप… राम मंदिर में दीपोत्सव की भव्य तैयारी
अपने संबोधन में सीएम योगी ने कहा कि दीपावली और छठ महापर्व के ठीक पहले आज 288 करोड़ की परियोजनाएं चौरी-चौरा विधानसभा क्षेत्र के निवासियों को समर्पित की जा रही हैं. पहले चरण में इस ओवरब्रिज का निर्माण कर आवागमन की सुविधा उपलब्ध कराई गई है. प्रधानमंत्री के नेतृत्व में गरीबों के जीवन में अभूतपूर्व बदलाव आया है. उन्हें आवास मिल रहे हैं, उनके घरों में शौचालय बन रहे हैं और मुफ्त राशन की सुविधा का लाभ मिल रहा है. भारत में पहली बार 55 करोड़ लोगों को आयुष्मान भारत योजना के अंतर्गत प्रति परिवार प्रतिवर्ष 5 लाख तक के निःशुल्क उपचार की सुविधा उपलब्ध कराई गई है.
किसानों को नुकसान भरपाई का आश्वासन
योगी ने आगे कहा कि मैं प्रदेश के अन्नदाता किसानों को आश्वस्त करता हूं कि साइक्लोन के कारण असमय बारिश, अतिवृष्टि और ओलावृष्टि से हुए नुकसान की भरपाई डबल इंजन की सरकार करेगी. पूर्व में दिए गए मुआवजे को मैं नाकाफी मानता हूं. हर जिला प्रशासन को तत्काल सर्वे कराकर किसानों को तात्कालिक मुआवजा देने के निर्देश दिए गए हैं. साथ ही, किसानों को राहत देने के लिए एक नया पैकेज लाया जाएगा, जिससे उनके नुकसान की भरपाई हम पैकेज के माध्यम से करेंगे. उन्होंने आगे काह कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में पिछले 12 वर्षों में 46 करोड़ गरीबों को गरीबी रेखा से ऊपर उठाकर सामान्य जीवनयापन का अवसर दिया गया है. चौरी-चौरा शहीद स्मारक के साथ ही यहां आवागमन को सुगम बनाने के लिए यह ओवरब्रिज बनकर तैयार हुआ है. जो कभी कल्पना थी, वह आज साकार हो गई है.

