मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने रविवार को बांसी में कांग्रेस पर तीखा हमला बोला और उसके लंबे शासनकाल पर सवाल उठाए। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश की अर्थव्यवस्था, गरीबी और चिकित्सा शिक्षा के क्षेत्र में हुए बदलावों का उल्लेख किया।
सिद्धार्थनगर। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने रविवार को बांसी में कांग्रेस पर तीखा हमला बोला। रतनसेन इंटर कॉलेज परिसर में 311 करोड़ रुपये की विकास परियोजनाओं के लोकार्पण और शिलान्यास के बाद जनसभा को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि सत्ता का मद कितना खतरनाक होता है, इसे कांग्रेस के पतन से समझा जा सकता है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि लंबे समय तक देश की सत्ता में रही कांग्रेस ने किसानों, गरीबों और महिलाओं के लिए क्या किया, यह जनता से पूछा जाना चाहिए। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत तेजी से बदल रहा है और दुनिया के सामने मजबूती से खड़ा है।
सिद्धार्थनगर के विकास का जिक्र
योगी आदित्यनाथ ने भगवान बुद्ध की पावन धरा पर आने को अपना सौभाग्य बताया। उन्होंने कहा कि भगवान बुद्ध ही राजकुमार सिद्धार्थ थे और ज्ञान प्राप्ति के बाद दुनिया उन्हें भगवान बुद्ध के रूप में जानती है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि जिले की स्थापना भगवान बुद्ध के नाम पर हुई। ढाई हजार वर्ष पहले वैभव के लिए प्रसिद्ध यह जनपद आजादी के बाद लंबे समय तक विकास के लिए तरसता रहा और शिक्षा, स्वास्थ्य तथा सड़क के क्षेत्र में पिछड़ गया।
यह भी पढ़ें: राहुल गांधी पर कपिल देव का हमला, बोले- युवाओं को ‘लॉलीपॉप’ दे रही कांग्रेस
उन्होंने कहा कि पिछले नौ वर्षों में सिद्धार्थनगर को आकांक्षात्मक जिले के रूप में आगे बढ़ाने के लिए लगातार प्रयास हुए हैं। नीति आयोग से 25 करोड़ रुपये का पुरस्कार पाने वाला सिद्धार्थनगर देश का पहला जनपद रहा है। मुख्यमंत्री ने कहा कि विकास अपने आप नहीं होता, इसके लिए प्रयास करना पड़ता है।
काकोरी क्रांति का उल्लेख
काकोरी ट्रेन एक्शन की वर्षगांठ का जिक्र करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि नौ अगस्त 1925 को पंडित रामप्रसाद बिस्मिल जैसे क्रांतिकारियों ने अंग्रेजों द्वारा भारत से लूटकर ले जाए जा रहे खजाने को अपने हाथ में लेकर स्वतंत्रता संघर्ष को आगे बढ़ाया।
उन्होंने कहा कि कांग्रेस के लोगों ने इसे डकैती कहा, जबकि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने इसे काकोरी एक्शन नाम देकर क्रांतिकारियों को सम्मान देने का काम किया।
मुख्यमंत्री ने आरोप लगाया कि आजादी के बाद सत्ता में आए लोगों ने संस्थाओं के नाम अपने खानदान के नाम पर करने का काम किया। उन्होंने कहा कि कांग्रेस के लोग निषादराज गुहा, वीरांगना ऊदा देवी पासी और झलकारी बाई जैसे महान व्यक्तित्वों को भूल गए।
यह भी पढ़ें: हत्या या फिर हादसा! लापता युवक की गंगा में मिली लाश, मारपीट कर नदी में फेंकने का आरोप, मौत की मिस्ट्री सुलझाने जुटी खाकी
गुलामी के कारण गिनाए
योगी आदित्यनाथ ने कहा कि भारत की गुलामी के दो प्रमुख कारण रहे। पहला, आंतरिक विरोध और समाज को बांटने की कुप्रवृत्ति तथा दूसरा, अपने ही संस्थानों के प्रति षड्यंत्र का भाव।
उन्होंने मंगल पांडेय, बंधू सिंह और चौरीचौरा के बलिदानियों का उल्लेख करते हुए कहा कि इनके द्वारा जलाई गई चिंगारी आगे बढ़ती गई। काकोरी के क्रांतिकारियों ने भी मातृभूमि को सर्वोच्च मानकर अपना सर्वस्व समर्पित किया।
मुख्यमंत्री ने आरोप लगाया कि पूर्व में जो पाप हुआ, वही कांग्रेस अब फिर कर रही है और देश-समाज को बांटने का काम किया जा रहा है।
अर्थव्यवस्था और मेडिकल शिक्षा
मुख्यमंत्री ने कहा कि कांग्रेस ने 55-60 वर्ष तक देश पर शासन किया, लेकिन आम लोगों के जीवन में अपेक्षित बदलाव नहीं आया। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत की अर्थव्यवस्था दुनिया की चौथी बड़ी अर्थव्यवस्था बन चुकी है।
उन्होंने दावा किया कि 2014 के बाद 25 करोड़ लोग गरीबी से बाहर निकलकर सम्मानजनक जीवन की ओर बढ़े हैं। योगी ने चिकित्सा शिक्षा के क्षेत्र में हुए विस्तार का भी उल्लेख किया।
उन्होंने कहा कि 2017 में देश में 431 मेडिकल कॉलेज थे, जबकि अब इनकी संख्या 818 हो गई है। एमबीबीएस की सीटें 51,348 से बढ़कर 1,28,926 हो गई हैं। एम्स और ट्रिपल आइआइटी जैसे संस्थानों के विस्तार के साथ भारत नए अवसरों की ओर बढ़ रहा है।


