लखनऊ. मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने धनतेरस के अवसर पर प्रदेशवासियों से ओडीओपी उत्पादों (ODOP Product) की खरीदारी करने की अपील की है. उन्होंने कहा कि भदोही के कालीन से लेकर मैनपुरी की तारकशी तक, यूपी के पारंपरिक शिल्प प्रदेश की सांस्कृतिक पहचान हैं. स्थानीय कारीगरों और शिल्पकारों को प्रोत्साहन देने के लिए उन्होंने ‘लोकल वाली दिवाली’ मनाने का आह्वान किया.
सीएम योगी ने एक्स पर पोस्ट साझा करते हुए लिखा कि धनतेरस का पावन पर्व समृद्धि, शुभता और मंगल का प्रतीक है. इस पावन अवसर पर अपने उत्सव के उल्लास में प्रदेश के उन कर्मठ कारीगरों और शिल्पकारों को भी सहभागी बनाएं, जिनकी कला और अनवरत साधना हमारी सांस्कृतिक विरासत को पीढ़ी-दर-पीढ़ी समृद्ध कर रही है.
इसे भी पढ़ें : मां की बनाई मूंग दाल की नमकीन लेकर CM योगी के पास पहुंची बच्ची, बोले- पैकेजिंग हो जाए तो ब्रांड बन जाएगा
भदोही के विश्वप्रसिद्ध कालीन, प्रयागराज का मूंज शिल्प, मैनपुरी की तारकशी और चित्रकूट के काष्ठ खिलौने उत्तर प्रदेश की विशिष्ट पहचान हैं. प्रदेश का निर्यात वर्ष 2016-17 के 84 हजार करोड़ से बढ़कर वर्ष 2025-26 में 2 लाख करोड़ के पार पहुंचना हमारे शिल्पकारों-दस्तकारों की उद्यमशीलता और सामर्थ्य का प्रमाण है. लखनऊ और ग्रेटर नोएडा के आधुनिक एक्सपो मार्ट तथा भदोही का ‘कार्पेट बाजार’ प्रदेश के पारम्परिक शिल्पों को आज वैश्विक मंचों पर नई पहचान दिला रहे हैं.
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ‘वोकल फॉर लोकल’ के विजन को आत्मसात करते हुए, इस धनतेरस ओडीओपी (ODOP) उत्पादों को ही उपहार स्वरूप चुनें. आपकी एक खरीदारी किसी हुनरमंद परिवार के आंगन में स्वावलंबन और सम्मान का दीप प्रज्वलित कर सकती है. आइए, ‘लोकल वाली दिवाली’ मनाएं और ‘आत्मनिर्भर उत्तर प्रदेश’ के निर्माण में अपनी सहभागिता सुनिश्चित करें.

