लखनऊ. मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने दीपावली के अवसर पर प्रदेशवासियों से ओडीओपी उत्पादों (ODOP Products) को उपहार स्वरूप अपनाने की अपील की है. उन्होंने कहा कि इससे उत्तर प्रदेश की पारंपरिक कला और शिल्प को बढ़ावा मिलने के साथ ही कारीगरों, शिल्पकारों और उद्यमियों के परिश्रम को सम्मान मिलेगा. योगी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ‘वोकल फॉर लोकल’ (Vocal for local) के आह्वान को आत्मसात करते हुए आत्मनिर्भर उत्तर प्रदेश के संकल्प को मजबूत करने का संदेश दिया.

मुख्यमंत्री ने एक्स पर लिखा कि दीपावली का पर्व आत्मीयता, उल्लास और लोकमंगल की भावना का उत्सव है. इस अवसर पर अपने प्रियजनों को उपहार देते हुए उन हुनरमंद हाथों का भी स्मरण करें, जिनकी साधना से उत्तर प्रदेश की कला और शिल्प को विशिष्ट पहचान मिली है.

इसे भी पढ़ें : ‘दिवाली पर अयोध्या, काशी और मथुरा उड़ा देंगे’, 27 नवंबर तक अलर्ट; कचहरी की सुरक्षा बढ़ी

योगी ने आगे लिखा ‘एक जनपद-एक उत्पाद (ओडीओपी) योजना ने प्रदेश की पारंपरिक कलाओं को नई पहचान दी है. आज प्रदेश के निर्यात में ओडीओपी उत्पादों की लगभग 50 प्रतिशत भागीदारी है. 81 जीआई टैग के साथ उत्तर प्रदेश की विशिष्ट उत्पाद परंपराएं वैश्विक स्तर पर अपनी पहचान स्थापित कर रही हैं.’

सीएम ने लिखा ‘इस दीपावली, ओडीओपी उत्पादों को उपहार स्वरूप अपनाएं. यह प्रदेश की समृद्ध विरासत के प्रति अनुराग और हमारे कारीगरों, शिल्पकारों एवं उद्यमियों के परिश्रम के प्रति सम्मान की अभिव्यक्ति है. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ‘वोकल फॉर लोकल’ के आह्वान को आत्मसात करते हुए स्थानीय उत्पादों को प्रोत्साहित करें और ‘आत्मनिर्भर उत्तर प्रदेश’ के संकल्प को नई शक्ति प्रदान करें.’