सतीश सिंह, लखनऊ. प्रदेश में मानसूनी बारिश के चलते कई जिलों के बाढ़ के चपेट में आने को देखते हुए गुरुवार को बाढ़ राहत कार्यों का जायजा लेने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ फर्रुखाबाद पहुंचे. फर्रुखाबाद पहुंचने पर बाबा नीम करौली की धरती को नमन करते हुए मुख्यमंत्री ने बाढ़ राहत कार्यों का जायजा लिया. इस दौरान मुख्यमंत्री ने बाढ़ प्रभावित 1000 परिवारों को राहत सामग्री का वितरण करने के साथ ही बाढ़ में आश्रयहीन हुए परिवारों को आवास के लिए भूमि आवंटन प्रमाण पत्र एवं आपदा मोचक निधि से राहत राशि भी वितरित की.
फर्रुखाबाद पहुचने पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने एक वीडियो सन्देश भी जारी किया. जिसमें उन्होंने कहा कि बाबा नीम करौली की पावन धरा फर्रुखाबाद को मेरा सादर नमन. आज मैं जनपद के बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों का दौरा करूँगा. बाढ़ प्रभावित परिवारों से मिलकर उनका कुशलक्षेम जानूँगा, उनकी समस्याओं को सुनूँगा और उन्हें बाढ़ राहत सामग्री भी वितरित करूँगा. इस दौरान राहत एवं बचाव कार्यों की स्थिति की समीक्षा करने का भी मुझे अवसर मिलेगा.
इसे भी पढ़ें : राम मंदिर ट्रस्ट और CEO चयन प्रक्रिया पर सूरज चौधरी ने उठाए सवाल, कहा- मंदिर सबका है तो भागीदारी भी सबकी हो
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रत्येक जरूरतमंद तक भोजन, दवा और अन्य आवश्यक सामग्री समय पर पहुंचाना डबल इंजन की सरकार की प्राथमिकता और प्रतिबद्धता है. संकट की इस घड़ी में डबल इंजन की भारतीय जनता पार्टी की सरकार पूरी संवेदनशीलता के साथ बाढ़ प्रभावित हर परिवार के साथ खड़ी है. हमारा संकल्प है कि किसी भी प्रभावित परिवार को कठिनाई का सामना अकेले न करना पड़े और राहत एवं सहायता हर जरूरतमंद तक समय पर पहुंचे.
डबल इंजन की सरकार आपके साथ
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि जिन 102 गाँवों में बाढ़ की इस विभीषिका को जूझने के लिए वहाँ की जनता जनार्दन मजबूर हुई है. उन सबके प्रति सरकार की पूरी संवेदनशीलता और संवेदना उनके प्रति व्यक्त करते हुए आज मैं स्वयं इसलिए यहाँ पर आया हूँ उन्हें आश्वस्त करने के लिए कि आपदा की इस घड़ी में आप अकेले नहीं हैं. डबल इंजन की भारतीय जनता पार्टी नेतृत्व की एनडीए सरकार आपके साथ खड़ी है और आपके लिए वह हर मदद आप तक पहुँचाने का कार्य करेगी जो आपकी जरूरत होगी.
इसे भी पढ़ें : वाराणसी से दिल्ली जा रही फ्लाइट की लखनऊ में इमरजेंसी लैंडिंग, कार्गो में धुएं का अलार्म बजते ही मचा हड़कंप
2017 के पहले “सैफई सिंडीकेट” नौकरियों पर हावी
मुख्यमंत्री ने कहा कि युवा की नौकरी के साथ, भविष्य के साथ कोई खिलवाड़ नही कर सकता. 2017 के पहले “सैफई सिंडीकेट” नौकरियों पर हावी होता था,कोई बोल नही पाता था,नौजवान देखता रह जाता था. उन्होंने कहा कि अब ये कोई नही कर पायेगा, अगर किसी ने आपके भविष्य के साथ खिलवाड़ किया तो उसके लिए जेल के दरवाजे खुले हैं,उसकी संपत्ति जब्त भी करेंगे.
3.52 लाख के लिए कारपोरेशन की शुरूआत
मुख्यमंत्री ने कहा कि कल ही हमने आउटसोर्स कार्पोरेशन की शुरुआत की है, 3 लाख 52 हजार आउटसोर्स कार्मिकों के लिए. उन्होंने कहा कि पहले सरकार से 16 हजार जाता था,उसको मिलता था 10 हजार, हमने कहा ये लूट नही चलेगी,गरीब के पैसे पर डकैती डालने की छूट नही मिलेगी. ये जितनी आउटसोर्सिंग एजेंसियां थी ज्यादातर सैफई सिंडीकेट की थी, ये लूट करवाते थे,क्योंकि उन्हें डकैती का पुराना अनुभव था. हमारी सरकार ने कल उसपर भी ताला लगाने का काम किया है.



