रेणु अग्रवाल, धार। राजगढ़ थाना क्षेत्र अन्तर्गत शुक्रवार को राजगढ़ के भानगढ़ रोड़ पर नरसिंह देवला फाटे के पास युवक-युवती ने जहरीला पदार्थ खाकर आत्महत्या कर ली। राहगीरों ने दोनों को तड़पते देख तत्काल डायल 112 को सूचना दी। एंबुलेंस की मदद से युवक-युवती को सिविल अस्पताल सरदारपुर भिजवाया गया, लेकिन दोनों की मौत हो गई। पुलिस ने मौके से चार पहिया वाहन सहित मोबाइल और कैश जब्त कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के मुताबिक राजगढ़ में भानगढ़ रोड़ पर नरसिंह देवला फाटे के समीप सड़क किनारे कार में सवार युवक और युवती मिले। युवक सड़क किनारे तो युवती कार में तड़प रही थी। दोनों ग्राम लाबरिया धुलिया खेड़ी के निवासी थे। मौके पर पहुंची राजगढ़ थाना पुलिस ने कार, मोबाइल व कार के अंदर से करीब 29 हजार 500 नगद जब्त किए हैं। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार कार काफी समय तक सड़क के किनारे ही खड़ी थी।
प्रेम प्रसंग का हो सकता है मामला
पुलिस ने दोनों ही मृतकों के परिजनों को सूचना दी। शव पोस्टमार्टम के लिए सिविल अस्पताल सरदारपुर में रखवाए गए हैं। युवक की उम्र 20 साल तो युवती की उम्र करीब 19 साल है। पूरा मामला प्रेम प्रसंग का लग रहा है। हालांकि पुलिस हर पहलू से मामले की जांच कर रही है। घटनास्थल पर एफएसएल की टीम भी पहुंची और जहरीले पदार्थ का सैंपल लिया गया। युवती के पहले ही कही शादीशुदा होने की बात भी सामने आई हैं। हालांकि इसको लेकर कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई हैं।
जांच में जुटी राजगढ़ थाना पुलिस
राजगढ़ थाना प्रभारी समीर पाटीदार ने बताया कि डायल 112 से सूचना मिली थी कि भानगढ़ रोड़ पर एक कार में युवक-युवती बदहवास स्थिति में मिले हैं। जिन्हें एंबुलेंस की मदद से अस्पताल भेजा गया जहां डॉक्टरों ने दोनों की मृत्यु की पुष्टि की हैं। पुलिस टीम के साथ घटना स्थल पर पहुंचे तो प्रथम दृष्ट्या यह प्रतीत होता है कि दोनों ने किसी जहरीले पदार्थ का सेवन किया हैं। हालांकि मामले की जांच की जा रही है जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे वैसे ही वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।

