सुप्रिया पाण्डेय, रायपुर। राजधानी रायपुर के पुराने विधानसभा सभागार में यंग इंडियन पार्लियामेंट 2026 का आयोजन किया गया। यंग इंडियंस रायपुर चैप्टर की ओर से आयोजित इस कार्यक्रम में शहर के 11 स्कूलों के करीब 150 छात्र-छात्राओं ने हिस्सा लिया। विधानसभा की तर्ज पर आयोजित इस मॉक पार्लियामेंट में बच्चों ने सदन की कार्यवाही को समझा और लोकतांत्रिक प्रक्रिया का अनुभव किया।

सत्ता पक्ष और विपक्ष बनकर रखे अपने विचार

कार्यक्रम में विद्यार्थियों को सत्ता पक्ष और विपक्ष की भूमिका दी गई। बच्चों ने अपने-अपने क्षेत्रों का प्रतिनिधित्व करते हुए वहां की समस्याओं और जरूरतों को सदन के सामने रखा। देश और समाज से जुड़े अलग-अलग मुद्दों पर चर्चा, बहस और तर्क-वितर्क के जरिए बच्चों ने अपनी बात रखी। इसके साथ ही मॉक पार्लियामेंट में विधेयक पेश करने और उसे पारित करने की प्रक्रिया भी कराई गई।

यंग इंडियंस के पदाधिकारियों ने बताया कि स्कूलों में पढ़ने वाले विद्यार्थी ही भविष्य में देश निर्माण की जिम्मेदारी संभालेंगे। इस आयोजन का उद्देश्य बच्चों को भारतीय लोकतंत्र, संविधान, संसदीय व्यवस्था और जनप्रतिनिधियों की भूमिका को व्यवहारिक रूप से समझाना है। इसके माध्यम से विद्यार्थियों में नेतृत्व क्षमता, संवाद कौशल और निर्णय लेने की क्षमता विकसित करने का प्रयास किया जा रहा है।

आयोजन में बच्चों ने उत्साह के साथ अपनी भूमिका निभाई। विद्यार्थियों ने बताया कि इस मंच के जरिए उन्हें सदन की कार्यप्रणाली को समझने और किसी मुद्दे पर तर्क के साथ अपनी बात रखने का अवसर मिल रहा है। यंग इंडियन पार्लियामेंट के चैप्टर राउंड में बेहतर प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को आगे रीजनल राउंड में मौका मिलेगा। इसके बाद चयनित प्रतिभागियों को दिल्ली में आयोजित होने वाले फाइनल राउंड में भारतीय संसद की कार्यप्रणाली को समझने का अवसर प्राप्त होगा।

Lalluram.Com के व्हाट्सएप चैनल को Follow करना न भूलें.
https://whatsapp.com/channel/0029Va9ikmL6RGJ8hkYEFC2H