फरीदाबाद: शादी की तैयारियों में जुटे परिवार को रविवार सुबह ऐसी खबर मिली, जिसने घर में मातम पसरा दिया। सूर्या विहार फेज-3 निवासी 30 वर्षीय रवि शर्मा का शव सराय थाना क्षेत्र में एनएचपीसी चौक के पास बाईपास रोड की झाड़ियों में पेड़ से लटका मिला। रवि शनिवार दोपहर घर से दवाई लेने के लिए स्कूटी लेकर निकला था। इसके बाद उसका कोई पता नहीं चला।
रविवार को झाड़ियों में शव मिलने की सूचना पुलिस तक पहुंची। सराय थाना पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच की तो मृतक की पहचान रवि शर्मा के तौर पर हुई। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर बीके अस्पताल की मोर्चरी में रखवा दिया।
घरवालों को थी लौटने की उम्मीद, रात तक नहीं आया
रवि के भाई मनोज शर्मा के मुताबिक, शनिवार दोपहर रवि ने दवाई लेने जाने की बात कही थी। वह स्कूटी से घर से निकला, लेकिन निर्धारित समय तक वापस नहीं लौटा। पहले परिवार ने आसपास और परिचितों के यहां उसकी तलाश की, लेकिन कोई जानकारी नहीं मिली।
रवि के लापता होने के अगले दिन एनएचपीसी चौक के पास शव मिलने की सूचना ने परिवार को झकझोर दिया। मौके पर पहुंचने के बाद परिजनों ने शव की पहचान रवि के रूप में की।
पेड़ से लटका था शव, हाथों पर भी मिले कट के निशान
एसीपी सराय संदीप मोर ने बताया कि युवक का शव पेड़ से लटका मिला था। जांच के दौरान उसके हाथों की नस कटी हुई भी मिली। शुरुआती तौर पर पुलिस इसे आत्महत्या से जोड़कर देख रही है, लेकिन अभी मौत की वजह को लेकर कोई अंतिम निष्कर्ष नहीं निकाला गया है।
पुलिस अब यह जानने की कोशिश कर रही है कि रवि घर से निकलने के बाद कहां गया और किन परिस्थितियों में उसकी मौत हुई। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद स्थिति और स्पष्ट होने की उम्मीद है।
दो महीने बाद थी शादी, अचानक मौत से परिवार सदमे में
मनोज ने बताया कि रवि जागरण में म्यूजिक इंस्ट्रूमेंट बजाने का काम करता था। परिवार में उसकी शादी की बात तय थी और करीब दो महीने बाद विवाह होना था। शादी से पहले परिवार तैयारियों में जुटा था, लेकिन अचानक रवि की मौत ने खुशियों को मातम में बदल दिया।
परिजन भी इस घटना से हैरान हैं और उन्हें समझ नहीं आ रहा कि आखिर ऐसा क्या हुआ कि दवाई लेने के लिए घर से निकले रवि की अगले दिन झाड़ियों में लाश मिली।
मौत की वजह तलाश रही पुलिस
सराय थाना पुलिस घटनास्थल से जुड़े तमाम पहलुओं को खंगाल रही है। युवक के घर से निकलने के बाद की गतिविधियों और उसकी मौत से जुड़ी परिस्थितियों की जांच की जा रही है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट तथा जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर ही आगे की कार्रवाई तय होगी।
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m


