वीरेंद्र कुमार, नालंदा। जिले के सरमेरा थाना क्षेत्र से एक बेहद सनसनीखेज और दर्दनाक मामला सामने आया है, जहां अपनी नानी के श्राद्ध कर्म में शामिल होने आए एक 22 वर्षीय युवक की कथित तौर पर पीट-पीटकर हत्या कर दी गई। घटना के बाद पूरे इलाके में दहशत और तनाव का माहौल है।

नानी के श्राद्ध में शामिल होने आया था मृतक

मृतक युवक की पहचान पटना जिले के भदौर थाना क्षेत्र के डुमरिया गांव निवासी स्वर्गीय रामप्रीत महतो के पुत्र भगवन कुमार के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि भगवन कुमार दिल्ली में रहता था और कुछ दिन पहले ही अपने गांव आया था।

मिली जानकारी के अनुसार, वह अपनी चचेरी नानी के श्राद्ध कार्यक्रम और ब्रह्मभोज में शामिल होने के लिए सरमेरा थाना क्षेत्र के घड़ियारी गांव आया हुआ था। सोमवार रात करीब 9 बजे वह मोटरसाइकिल से खेत की ओर जा रहा था। इसी दौरान कुछ लोगों ने उसका पीछा किया और जीराइन नदी के पास उसे घेर लिया।

प्रेम-प्रंसग में हत्या की चर्चा

परिजनों का आरोप है कि हमलावरों ने युवक की मोटरसाइकिल को क्षतिग्रस्त कर दिया और उसके साथ बेरहमी से मारपीट की। गंभीर रूप से घायल भगवन कुमार को पहले बिंद प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां से बेहतर इलाज के लिए रेफर किया गया। बाद में इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।

घटना को लेकर प्रेम प्रसंग और पुराने विवाद की चर्चा सामने आ रही है। पुलिस का कहना है कि कुछ महीने पहले गांव की एक लड़की के लापता होने के मामले को लेकर विवाद हुआ था। हालांकि पूरे मामले की जांच जारी है और पुलिस सभी पहलुओं से जांच कर रही है।

पुलिस ने चार को हिरासत में लिया

सरमेरा थानाध्यक्ष के अनुसार, पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए चार संदिग्धों को हिरासत में लिया है तथा अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी जारी है। फिलहाल पुलिस पीड़ित परिवार की लिखित शिकायत का इंतजार कर रही है। शिकायत मिलने के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

ये भी पढ़ें- ‘माहौल बिगड़ रहा है’, पटना कोचिंग विवाद पर मृत्युंजय तिवारी का बड़ा बयान, सरकार से की ये बड़ी मांग