अनुज पांडेय, गोपालगंज। जिले के सिधवलिया रेलवे स्टेशन पर शुक्रवार को एक दिल दहला देने वाला हादसा सामने आया, जहां चलती ट्रेन से उतरने के प्रयास में एक 36 वर्षीय युवक की कटकर दर्दनाक मौत हो गई। घटना के बाद स्टेशन परिसर में अचानक अफरा-तफरी का माहौल कायम हो गया। देखते ही देखते मौके पर यात्रियों और स्थानीय लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई। सूचना मिलने पर कार्रवाई करते हुए रेलवे सुरक्षा बल की टीम मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर आगे की कानूनी प्रक्रिया शुरू की।
असम में फेरी का काम करता था मृतक
मृतक की पहचान गोपालगंज जिले के सिधवलिया थाना क्षेत्र स्थित जलालपुर कला गांव निवासी बली राय के 36 वर्षीय पुत्र राजेश यादव के रूप में हुई है। परिजनों से मिली जानकारी के मुताबिक, राजेश यादव बीते कई वर्षों से असम में रहकर कपड़े की फेरी लगाकर अपने परिवार का गुजर-बसर करते थे।
बीमार मां की खबर सुन आ रहा था गांव
पारिवारिक सूत्रों ने बताया कि राजेश की मां शनिचरा देवी की तबीयत पिछले कुछ दिनों से काफी खराब चल रही थी। मां की अस्वस्थता की सूचना मिलने के बाद वह बेहद परेशान हो गए थे और आनन-फानन में अपनी बीमार मां से मिलने के लिए असम से अपने पैतृक गांव लौट रहे थे।
सिधवलिया स्टेशन पर नहीं था ट्रेन का ठहराव
प्रत्यक्षदर्शियों और परिजनों के अनुसार, राजेश यादव थावे की ओर से आ रही ट्रेन संख्या 19046 ताप्ती गंगा एक्सप्रेस में सवार थे। यह ट्रेन सिधवलिया स्टेशन से गुजर तो रही थी, लेकिन वहां इसका निर्धारित ठहराव नहीं था। जैसे ही ट्रेन सिधवलिया स्टेशन के प्लेटफॉर्म से गुजरने लगी, राजेश ने जल्दबाजी में चलती ट्रेन से ही उतरने की कोशिश की। इसी दौरान उनका संतुलन बिगड़ गया और वह प्लेटफॉर्म पर गिर पड़े। गिरते ही उनके सिर में गंभीर चोट आई, जिससे अत्यधिक खून बह जाने के कारण मौके पर ही उनकी मौत हो गई।
परिजनों पर टूटा दुखों का पहाड़
राजेश यादव अपने घर के एकमात्र कमाने वाले सदस्य थे। उनकी पत्नी मामूनी देवी और दो छोटी बेटियां वर्तमान में असम में ही रह रही हैं। राजेश की अचानक हुई इस असामयिक मौत की खबर मिलते ही परिजनों में चीख-पुकार मच गई और पूरे गांव में मातमी सन्नाटा पसर गया।
आरपीएफ ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा
घटना की जानकारी मिलते ही आरपीएफ पुलिस ने तुरंत घटनास्थल पर पहुंचकर स्थिति को संभाला। पुलिस ने शव का पंचनामा तैयार कर उसे पोस्टमार्टम के लिए गोपालगंज सदर अस्पताल भेज दिया है। आरपीएफ अधिकारियों का कहना है कि मामले में आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जा रही है।


