पीयूष जायसवाल, नागदा (उज्जैन) उज्जैन जिले के नागदा से एक दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है, जहां एक मामूली बात ने 18 साल के युवक की जान ले ली। बिड़लाग्राम थाना क्षेत्र के जी ब्लॉक टापरी इलाके में रविवार रात जय प्रकाश ठाकुर की तलवार से हत्या कर दी गई। आरोप है कि बीड़ी मांगने को लेकर हुए विवाद के बाद करीब 50 वर्षीय मोहनलाल ढोली ने युवक पर हमला कर दिया।

READ MORE: किस्मत हो तो ऐसी! 2 साल पहले मिले 93 लाख, अब पन्ना में उसी आदिवासी परिवार को मिला 30 लाख का हीरा

बताया जा रहा है कि आरोपी नशे की हालत में था और उसने जय प्रकाश से बीड़ी मांगी। युवक ने बीड़ी नहीं होने की बात कही तो विवाद शुरू हो गया। देखते ही देखते कहासुनी इतनी बढ़ गई कि आरोपी ने तलवार निकालकर हमला कर दिया। हमले में युवक गंभीर रूप से घायल हो गया और मौके पर ही उसकी मौत हो गई। घटना के बाद इलाके में आक्रोश फैल गया।

जय प्रकाश अपने दादा-दादी के साथ नागदा में रहता था, जबकि उसके माता-पिता रोजगार के लिए इंदौर में रहते हैं। परिवार का आरोप है कि वारदात के समय आरोपी के साथ कुछ अन्य लोग भी मौजूद थे, लेकिन पुलिस ने फिलहाल मुख्य आरोपी पर ही कार्रवाई की है। परिजन अब अन्य आरोपियों पर भी कार्रवाई की मांग कर रहे हैं। उनका कहना है कि अगर निष्पक्ष कार्रवाई नहीं हुई तो वे विरोध प्रदर्शन करेंगे। फिलहाल पुलिस ने आरोपी के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। एक छोटी सी बात पर हुई बहस ने एक परिवार का सहारा छीन लिया।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m