मुगलसराय. सकलडीहा में डीडीयू-ताड़ीघाट पैसेंजर एक्सप्रेस में रविवार को उस समय हड़कंप मच गया, जब चलती ट्रेन के अंदर बदमाशों ने एक युवक की कनपटी पर गोली मार दी और फिर शव को ट्रेन से नीचे फेंककर फरार हो गए. घटना सकलडीहा क्षेत्र के पास की बताई जा रही है. वारदात के बाद ट्रेन के डिब्बे में अफरा-तफरी मच गई और यात्री दहशत में आ गए. सूचना मिलते ही पुलिस और जीआरपी मौके पर पहुंचकर जांच में जुट गई.

जानकारी के अनुसार डीडीयू जंक्शन से दिलदारनगर की ओर जा रही ताड़ीघाट पैसेंजर ट्रेन में दो युवक पिट्ठू बैग लेकर सवार हुए थे. सफर के दौरान अचानक गोली चलने की आवाज से पूरा डिब्बा दहल उठा. प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक हमलावरों ने युवक की कनपटी पर असलहा सटाकर गोली मारी. गोली लगते ही युवक गेट के पास लहूलुहान होकर गिर पड़ा. इसके बाद बदमाशों ने शव को चलती ट्रेन से नीचे फेंक दिया और फरार हो गए.

इसे भी पढ़ें : हत्या या फिर… संदिग्ध हालात में मिला युवक का शव, छानबीन में जुटी पुलिस

वारदात के बाद ट्रेन के डिब्बे में चीख-पुकार मच गई. यात्री डर के कारण इधर-उधर भागने लगे। सूचना मिलने पर अलीनगर, चंदौली और सकलडीहा थाने की पुलिस के साथ जीआरपी मौके पर पहुंची. रेलवे ट्रैक के किनारे युवक का शव बरामद किया गया. पुलिस ने आसपास के क्षेत्रों में सर्च अभियान चलाया, लेकिन आरोपियों का कोई सुराग नहीं मिल सका. पुलिस के मुताबिक घटना सदर कोतवाली क्षेत्र के इब्राहिमपुर गांव के पास हुई, जबकि ताजपुर गांव के समीप ट्रेन की रफ्तार धीमी होने पर दोनों आरोपी नीचे कूदकर फरार हो गए. फिलहाल मृत युवक की पहचान नहीं हो सकी है. पुलिस यात्रियों से पूछताछ कर हत्या के पीछे की वजह तलाश रही है. मामले की जांच में दो सीओ, तीन थानों की पुलिस और जीआरपी की टीम संयुक्त रूप से लगी हुई है.

रेल एसपी प्रशांत वर्मा का बयान

जीआरपी रेल एसपी आशीष वर्मा ने बताया कि UP-112 के माध्यम से सूचना मिली थी कि ताड़ीघाट एक्सप्रेस में एक व्यक्ति को गोली मार दी गई है. सूचना के बाद पुलिस टीम मौके पर पहुंची, जहां एक व्यक्ति का शव मिला, जिसके शरीर पर प्रारंभिक जांच में गोली लगने के निशान पाए गए. उन्होंने बताया कि घटना कुचमन रेलवे स्टेशन और सकलडीहा रेलवे स्टेशन के बीच हुई है. चंदौली की फील्ड यूनिट, सिविल पुलिस और जीआरपी की संयुक्त टीम मामले की जांच कर रही है. मृतक की पहचान कराने के प्रयास किए जा रहे हैं. साथ ही आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है. पुलिस अधिकारियों का दावा है कि जल्द ही घटना का खुलासा कर लिया जाएगा.