पानीपत। सनौली रोड स्थित आर्य नगर से एक बेहद दुखद खबर सामने आई है। यहां एक 19 साल की लड़की ने अपने ही घर में फंदा लगाकर जान दे दी। मृतका की पहचान खुशबू के रूप में हुई है। इस घटना के बाद से खुशबू के परिवार में कोहराम मच गया है। सिर्फ 11 दिन पहले ही घर में बड़ी बहन की शादी हुई थी। रिश्तेदार अभी घर पर ही मौजूद थे, लेकिन इस हादसे ने शादी की खुशियों को मातम में बदल दिया।
11 दिन पहले ही हुई थी बड़ी बहन की शादी
पारिवारिक सूत्रों के अनुसार खुशबू ने 7वीं क्लास तक पढ़ाई करने के बाद स्कूल छोड़ दिया था। वह पिछले 5 साल से घर पर ही रह रही थी। इस दौरान वह घर पर रहकर ही उर्दू की तालीम ले रही थी। खुशबू अपने 6 भाई-बहनों में चौथे नंबर पर थी। घर में अभी भी शादी का माहौल था और सब खुश थे, लेकिन अचानक हुई इस घटना से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई।
भाई-बहनों से हुआ था झगड़ा, मां ने काम पर चलने को कहा
खुशबू के पिता इसराइल और मां शबनम रोजाना मजदूरी करने जाते हैं। माता-पिता के काम पर जाने के बाद अक्सर खुशबू का अपने छोटे भाई-बहनों के साथ झगड़ा हो जाता था। बुधवार को भी ऐसा ही हुआ। जब मां शबनम शाम को काम से लौटकर घर आईं, तो उन्होंने बच्चों की लड़ाई को लेकर खुशबू को डांट दिया। मां ने गुस्से में खुशबू से कह दिया कि अब वह घर पर खाली नहीं बैठेगी और उसे भी मां के साथ मजदूरी पर चलना होगा।
चांदनीबाग थाना पुलिस मामले की जांच में जुटी
मां की डांट और काम पर जाने की बात खुशबू सहन नहीं कर पाई। वह गहरे मानसिक तनाव में आ गई। बुधवार रात को जब परिवार के लोग दूसरे कामों में व्यस्त थे, तब खुशबू ने फंदा लगा लिया। जब परिजनों ने उसे फंदे पर झूलते देखा तो चीख-पुकार मच गई। सूचना मिलते ही चांदनीबाग थाना पुलिस की टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए पानीपत के सरकारी अस्पताल के शवगृह भिजवा दिया है। स्थानीय पुलिस फिलहाल मामले की आगामी जांच कर रही है।

