दीपक भारद्वाज, पानीपत। हरियाणा के पानीपत में एलिवेटेड हाईवे पर एक बहुत बड़ा सड़क हादसा होते-होते टल गया। यहां एक तेज रफ्तार ट्रक अचानक अनियंत्रित होकर पुल की ग्रिल को तोड़ता हुआ सीधे नीचे सर्विस लेन में जा गिरा। गनीमत यह रही कि इस भयानक हादसे में किसी की जान नहीं गई और एक बड़ा हादसा होने से बच गया।

नींद की झपकी बनी हादसे की वजह

शुरुआती जानकारी के अनुसार यह हादसा ट्रक ड्राइवर को अचानक नींद की झपकी आने की वजह से हुआ। ड्राइवर का गाड़ी पर से नियंत्रण पूरी तरह खो गया था। रफ्तार तेज होने के कारण ट्रक एलिवेटेड हाईवे के किनारे लगी लोहे की मजबूत ग्रिल को उखाड़ते हुए नीचे की तरफ आ गिरा।

सर्विस लेन में चल रही क्रेन से हुई भिड़ंत

हाइवे से नीचे गिरते ही ट्रक सीधे नीचे बनी सर्विस लेन में चल रही एक क्रेन से जा टकराया। टक्कर इतनी जोरदार थी कि गाड़ियों के परखच्चे उड़ गए। इस पूरी घटना में सबसे राहत की बात यह रही कि ट्रक चालक और क्रेन चालक दोनों को ही मामूली चोटें आई हैं। हादसे के तुरंत बाद आसपास के लोग और पुलिस प्रशासन मौके पर पहुंच गए।

हादसे के बाद लगा लंबा जाम

इस अचानक हुए हादसे के कारण सर्विस लेन पर यातायात पूरी तरह से ठप हो गया। सड़क के बीचों-बीच गाड़ियां दुर्घटनाग्रस्त होने की वजह से वहां वाहनों की लंबी कतारें लग गईं और जाम की स्थिति बन गई। पुलिस ने क्रेन की मदद से दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को रास्ते से हटवाया, जिसके बाद यातायात को दोबारा सुचारू रूप से शुरू किया जा सका।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m