गुरुग्राम। साइबर सिटी गुरुग्राम का सबसे सुरक्षित माना जाने वाला पॉश इलाका गोलियों और लुटेरों के निशाने पर है। सेक्टर-23 (Sector 23 Gurugram) में हथियारों से लैस चार नकाबपोश बदमाशों ने एक रिटायर्ड कर्नल के घर में घुसकर कमान संभाल ली। बदमाशों ने पूरे परिवार को बंधक बनाया और कटर-चाकू की नोक पर करीब 8 से 9 लाख रुपये के सोने-हीरे के जेवर और कैश लूटकर फरार हो गए। इस सनसनीखेज वारदात से पूरे इलाके में दहशत का माहौल है। यह पूरी वारदात रिटायर्ड कर्नल सीएल जैन के बेटे विकास जैन के घर पर हुई। विकास जैन ने पुलिस को बताया कि बदमाशों ने बहुत ही शातिर और प्लानिंग के साथ इस (Gurugram House Robbery) कांड को अंजाम दिया है।

पहले मोड़ा CCTV कैमरा, फिर कटर से काटी ग्रिल

बदमाशों की चालाकी देखिए, घर में घुसने से पहले रात करीब 02:09 बजे उन्होंने घर के पिछले हिस्से में लगे सीसीटीवी (CCTV Camera) को दीवार की तरफ मोड़ दिया ताकि उनके चेहरे रिकॉर्ड न हो सके। इसके बाद चोरों ने कटर की मदद से खिड़की की लोहे की मजबूत ग्रिल को काटा और रेंगते हुए घर के अंदर दाखिल हो गए।

मां-बेटी की गर्दन पर रखा चाकू, उतरवाए गहने

घर में घुसने के बाद बदमाश सीधे उस कमरे में गए जहां विकास जैन की पत्नी और बेटी सो रही थीं। बदमाशों ने महिला और उसकी मासूम बेटी की गर्दन पर चाकू, कटर और पेचकस अड़ा दिया। शोर मचाने पर जान से मारने की धमकी दी।

बदमाशों ने डरा-धमकाकर महिला से उसके पहने हुए हीरे के झुमके, नोज़ पिन, डायमंड रिंग और चूड़ियां जबरन उतरवा लीं। इसके बाद ड्रेसिंग टेबल को खंगालकर वहां रखे 5 हीरे की अंगूठियां, 4 सेट हीरे के इयररिंग्स, 1 सोने का मंगलसूत्र और 3 सोने की चेन समेट ली।

आहट सुनकर आए कर्नल को भी दबोचा, मेडल भी ले गए

कमरे में हो रही खटपट सुनकर दूसरे कमरे में सो रहे कर्नल साहब की आंख खुल गई। जैसे ही वे बाहर आए, बदमाशों ने उन्हें भी दबोच लिया। लुटेरों ने कर्नल समेत पूरे परिवार को एक कमरे में बंद कर दिया। बदमाशों ने विकास के वॉलेट से ₹5,000 और एक महिला पर्स से ₹4,000 कैश निकाल लिए।

हैरानी की बात यह है कि जाते-जाते बदमाश कर्नल साहब के मेडल (Army Medals) और गोल्ड-प्लेटेड सजावटी सामान भी उठा ले गए। करीब आधे घंटे तक घर में तांडव मचाने के बाद, रात 03:15 बजे बदमाश धमकी देते हुए फरार हो गए।

बालकनी में फेंक गए मोबाइल फोन

भागते समय लुटेरे परिवार के तीनों मोबाइल फोन भी साथ ले गए थे ताकि कोई पुलिस को फोन न कर सके। हालांकि, बाद में वे फोन घर की पिछली बालकनी में ही फेंके हुए मिल गए। बदमाशों के जाते ही पीड़ित परिवार ने रात करीब 03:25 बजे पुलिस कंट्रोल रूम (Dial 112) को सूचना दी। सूचना मिलते ही पालम विहार थाना पुलिस (Palam Vihar Police Station) और फॉरेंसिक विभाग की टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने अज्ञात बदमाशों के खिलाफ आर्म्स एक्ट और डकैती की धाराओं में केस दर्ज कर लिया है। इलाके के सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं।