अयोध्या। सीएम योगी आदित्यनाथ ने रामनगरी अयोध्या में राजकीय आयुर्वेदिक महाविद्यालय एवं चिकित्सालय का लोकार्पण किया। इस दौरान योगी ने वीरांगना झलकारी बाई की प्रतिमा का अनावरण करते हुए राष्ट्रनायकों और वीरांगनाओं के सम्मान को राष्ट्रभक्ति की सबसे बड़ी प्रेरणा बताया।
सीएम योगी ने बताया कि आज अयोध्या को 378 करोड़ की लागत वाले राजकीय आयुर्वेदिक महाविद्यालय एवं चिकित्सालय की बड़ी सौगात मिली। मुख्यमंत्री ने 126 विकास परियोजनाओं के लोकार्पण और शिलान्यास कर विकास को नई गति देने का दावा किया। साथ ही अयोध्या में स्वास्थ्य, शिक्षा, पर्यटन और आधारभूत ढांचे से जुड़ी परियोजनाओं को लेकर कई महत्वपूर्ण घोषणाएं की।
राष्ट्रनायकों और वीरांगनाओं का किया सम्मान
सीएम योगी ने अपने संबोधन में कहा कि राष्ट्रनायकों, वीरों और वीरांगनाओं के प्रति श्रद्धा और सम्मान का भाव समाज में राष्ट्रभक्ति की भावना को सशक्त बनाता है। इसी प्रेरणा से डबल इंजन सरकार ने सत्ता में आने के बाद रानी लक्ष्मीबाई, रानी दुर्गावती, रानी अवंतीबाई लोधी, झलकारी बाई और ऊदा देवी के नाम पर अनेक जनकल्याणकारी अभियान प्रारंभ किए हैं।
READ MORE:‘OP राजभर खुद सपा में आना चाहते हैं…’, राजभर के दावे पर रुचि वीरा का पलटवार, जानिए क्या कहा
वीरांगनाओं के नाम पर बटालियनों का गठन
सीएम योगी ने बताया कि प्रदेश सरकार ने प्रोविंशियल आर्म्ड कांस्टेबुलरी(PAC) की तीन नई बटालियनों का गठन वीरांगना अवंतीबाई लोधी, वीरांगना झलकारी बाई कोरी और वीरांगना उदा देवी पासी के नाम पर किया है। इन तीनों बटालियनों में केवल बेटियों की भर्ती का निर्णय लिया गया है, जो महिला सशक्तिकरण और राष्ट्रसेवा में महिलाओं की बढ़ती भागीदारी का प्रतीक है।

