टोहाना (फतेहाबाद)। फतेहाबाद जिले के टोहाना क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले गांव जमालपुर शेखां में लंबे समय से चली आ रही बिजली की किल्लत से नाराज ग्रामीणों का गुस्सा गुरुवार को फूट पड़ा। बिजली निगम की कार्यप्रणाली और प्रशासनिक अनदेखी के खिलाफ ग्रामीणों ने टोहाना-फतेहाबाद मुख्य मार्ग पर चक्का जाम कर दिया। सुबह 10 बजे शुरू हुआ यह प्रदर्शन काफी देर तक जारी रहा, जिससे सड़क के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं और राहगीरों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा
14 हजार की आबादी बेहाल, हल्की हवा में टूट जाते हैं पोल
ग्रामीणों का आरोप है कि बिजली विभाग की लापरवाही के कारण करीब 14 हजार की आबादी वाले इस गांव का जनजीवन पूरी तरह अस्त-व्यस्त हो चुका है। प्रदर्शनकारियों ने बताया कि गांव का 11 केवी सबस्टेशन फिलहाल समैन के 132 केवी सबस्टेशन की लाइन से जुड़ा है। यह बिजली लाइन लगभग 26 किलोमीटर लंबी है और खेतों के बीच से होकर गुजरती है। स्थिति इतनी जर्जर है कि हल्की हवा चलने पर भी पोल टूट जाते हैं, जिसके बाद गांव में 3 से 4 दिनों तक ब्लैकआउट (बिजली गुल) की स्थिति बन जाती है।
पेयजल संकट गहराया, रोज उड़ रहे ट्रांसफार्मर के फ्यूज
ग्रामीणों ने बिजली निगम की कार्यप्रणाली पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि गांव में प्रतिदिन 45-45 मिनट के 5 से 7 अघोषित बिजली कट लगाए जा रहे हैं, जिससे किसान और आम नागरिक बेहद त्रस्त हैं। बिजली आपूर्ति ठप रहने के कारण गांव में पीने के पानी की सप्लाई भी पूरी तरह प्रभावित हो रही है, जिससे ग्रामीणों के सामने पेयजल का बड़ा संकट खड़ा हो गया है। इसके अलावा, गांव में लगे ट्रांसफार्मरों पर लोड का सही वितरण नहीं होने से रोजाना 4 से 5 ट्रांसफार्मरों के फ्यूज उड़ रहे हैं। रात के समय सबस्टेशन पर लाइन स्टाफ उपलब्ध नहीं होने के कारण लोगों को पूरी रात अंधेरे में गुजारनी पड़ती है। ग्रामीणों का कहना है कि वे इस समस्या को लेकर एसडीओ से लेकर एक्सईएन तक के दफ्तरों के चक्कर काट चुके हैं, लेकिन अधिकारियों की तरफ से केवल आश्वासन ही मिलता है, कोई स्थाई समाधान नहीं किया जाता।
चंदड़ सबस्टेशन से लाइन जोड़ने की मांग
प्रदर्शनकारी ग्रामीणों ने चेतावनी दी है कि जब तक उनकी जायज मांगें पूरी नहीं होंगी, उनका यह आंदोलन लगातार जारी रहेगा। ग्रामीणों की मुख्य मांग है कि गांव की बिजली लाइन को समैन की बजाय चंदड़ के 132 केवी सबस्टेशन से जोड़ा जाए, जो गांव से महज 7 किलोमीटर की दूरी पर है। इसके साथ ही, खेतों से होकर गुजरने वाली वर्तमान जर्जर लाइन को हटाकर टोहाना-रतिया रोड के किनारे स्थानांतरित किया जाए ताकि भविष्य में पोल टूटने या फाल्ट आने पर उसे तुरंत ठीक किया जा सके।
मौके पर पहुंची पुलिस, जाम खुलवाने के प्रयास जारी
टोहाना-फतेहाबाद मार्ग पर जाम और हंगामे की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस बल तुरंत मौके पर पहुंचा। पुलिस अधिकारियों ने ग्रामीणों को समझाने-बुझाने और बिजली विभाग के उच्चाधिकारियों से संपर्क कर समस्या के समाधान का प्रयास शुरू किया। पुलिस अधिकारियों द्वारा ग्रामीणों को जल्द उचित कार्रवाई का भरोसा देकर जाम खुलवाने के प्रयास किए जा रहे हैं।

