हिसार। तेज आंधी और बारिश के बाद हिसार में बिजली व्यवस्था पूरी तरह लड़खड़ा गई। सोमवार को खराब मौसम के चलते हिसार सर्कल के 33 केवी के 6 सब-स्टेशन और 11 केवी के 29 फीडर ब्रेकडाउन हो गए, जिससे 2 लाख से अधिक बिजली उपभोक्ताओं को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा।

बारिश और तेज हवाओं के कारण जिन 33 केवी सब-स्टेशनों में फॉल्ट आया, उनमें एचएयू लाइन, राजली, खेड़ी चौपटा, दयाल सिंह कॉलोनी, थुराना और मिर्चपुर-बुड़ाना शामिल हैं।

शहर के कई इलाके घंटों रहे प्रभावित

बिजली बाधित होने से शहर के बाजार खंजान्चियान, सेक्टर-1 और 4, औद्योगिक क्षेत्र, गीता कॉलोनी, आईटीआई, सेक्टर-15 स्थित सपरा अस्पताल के आसपास का क्षेत्र समेत कई इलाकों में लोगों को परेशानी झेलनी पड़ी।

29 फीडरों में आया ब्रेकडाउन

खराब मौसम के चलते 11 केवी के 29 फीडर भी ठप हो गए। इनमें उद्योग नगर, गीता कॉलोनी, आईटीआई, ओल्ड वर्क्स इंडस्ट्रीज, सिंपलेक्स एलॉय इंडस्ट्रीज, पायल डीएस, भानू इंडस्ट्रीज, सातरोड़, जिंदल इलेक्ट्रो, सीसवाल डीएस, नीम अड्डा, चिकनवास, धीरणवास, मोढ़ाखेड़ा, महलसरा, हांसी-जींद रोड, सिंघवा डीएस, एचपीसीएल इंडस्ट्रीज, पाली डीएस, राजपुरा एपी, काजल खेड़ा एपी, पाली एपी, खेड़ी एपी, माढ़ा रोड एपी, गुज्जर बाड़ा, दिल्ली गेट, भोजराज और जुगलान एपी शामिल हैं।

मानसून में बार-बार बिगड़ रही बिजली व्यवस्था

बारिश के साथ ही बिजली तंत्र के बार-बार ठप होने से बिजली आपूर्ति की व्यवस्था पर सवाल खड़े हो रहे हैं। मानसून के दौरान लगातार सामने आ रही ऐसी घटनाओं से उपभोक्ताओं की परेशानियां बढ़ती जा रही हैं। बिजली निगम की टीमें फॉल्ट दूर कर आपूर्ति बहाल करने में जुटी रहीं।