हिसार। हरियाणा में मानसून की रफ्तार भले ही धीमी पड़ी हो, लेकिन सोमवार शाम अचानक बदले मौसम ने कई जिलों में तबाही मचा दी। हिसार, फतेहाबाद और सिरसा में तेज आंधी और बारिश से जनजीवन प्रभावित हुआ। फतेहाबाद में पेड़ गिरने से एक ट्रैक्टर चालक की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि कई स्थानों पर पेड़ गिरने, बिजली गुल होने और जलभराव की स्थिति बन गई।
पेड़ गिरने से ट्रैक्टर चालक की मौत
फतेहाबाद के रतिया क्षेत्र में हड़ोली-तामसपुरा मार्ग पर निर्माण सामग्री से भरी ट्रैक्टर-ट्रॉली पर तेज आंधी के दौरान एक विशाल पेड़ गिर गया। हादसे में ट्रैक्टर चालक मनप्रीत सिंह (निवासी बीरांवदी) की मौके पर ही मौत हो गई।
बोलेरो पर गिरा पेड़, चालक की बची जान
गांव भिरडाना के पास एक बोलेरो वाहन पर भी पेड़ गिर गया। हालांकि चालक बाल-बाल बच गया। वहीं भोडियाखेड़ा-मताना रोड पर भी पेड़ टूटकर सड़क पर गिर गया और बनगांव में तूड़ी के कमरे की छत तेज हवाओं से उड़ गई।
चार घंटे तक गुल रही बिजली
मौसम विभाग के अनुसार फतेहाबाद में करीब 30 मिनट तक तेज तूफान के साथ बारिश हुई, जिससे कई स्थानों पर नुकसान हुआ। शहर में करीब चार घंटे तक बिजली आपूर्ति ठप रही।
कालांवाली में 12 मिमी बारिश, चौपटा में जलभराव
बारिश के दौरान कालांवाली में 12 मिमी और ऐलनाबाद में 4 मिमी वर्षा दर्ज की गई। नाथूसरी चौपटा में घरों में पानी भर गया, जबकि कालांवाली के कई इलाकों में भी जलभराव की स्थिति बन गई।
फसलों को मिलेगा फायदा
विशेषज्ञों के अनुसार इस बारिश से नरमा, ग्वार, धान समेत खरीफ की अन्य फसलों को लाभ मिलेगा, हालांकि तेज आंधी के कारण कई स्थानों पर नुकसान भी हुआ है।
उमस के बाद मिली राहत
सोमवार को दिनभर तेज धूप और उमस ने लोगों को परेशान रखा। शाम को बारिश और ठंडी हवाओं से मौसम सुहावना हो गया। सिरसा में अधिकतम तापमान 38.2 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम 29 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
मौसम विभाग का अलर्ट
भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने आने वाले समय में उत्तरी हरियाणा के कई जिलों में बारिश और तेज हवाओं की संभावना जताई है। लोगों को खराब मौसम के दौरान सतर्क रहने की सलाह दी गई है।

