न्यामुद्दीन अली, अनूपपुर। मध्य प्रदेश के अनूपपुर जिले से स्वास्थ्य व्यवस्था और डिजिटल दावों की पोल खोलती एक हैरान करने वाली तस्वीर सामने आई है। जिले के पुष्पराजगढ़ जनपद क्षेत्र अंतर्गत ग्राम दामहड़ी से एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें एक महिला एएनएम (ANM) मोबाइल नेटवर्क की तलाश में पेड़ पर चढ़ी हुई नजर आ रही है।
नेटवर्क की किल्लत, ऑनलाइन हाजिरी का दबाव
मिली जानकारी के अनुसार, ग्राम दामहड़ी सहित आसपास के ग्रामीण अंचलों में लंबे समय से मोबाइल नेटवर्क की गंभीर समस्या बनी हुई है। दूसरी ओर, स्वास्थ्य विभाग द्वारा कर्मचारियों पर रोजाना ऑनलाइन उपस्थिति दर्ज करने का सख्त दबाव बनाया जा रहा है। नेटवर्क न मिलने और विभाग की ओर से अनुपस्थिति दर्ज होने की कार्रवाई के डर से मजबूर होकर एएनएम को पेड़ पर चढ़कर नेटवर्क तलाशना पड़ा, ताकि ऑनलाइन हाजिरी लगाई जा सके।
डिजिटल दावों और स्वास्थ्य व्यवस्था पर उठे गंभीर सवाल
पेड़ पर चढ़कर हाजिरी लगाने का यह वीडियो वायरल होते ही प्रशासनिक महकमे में हड़कंप मच गया है। एक तरफ जहां सरकार डिजिटल इंडिया और शत-प्रतिशत ऑनलाइन व्यवस्था के बड़े-बड़े दावे कर रही है, वहीं दूरस्थ और वनांचल क्षेत्रों में नेटवर्क की यह बदहाली दावों की असल हकीकत बयां कर रही है।
इस घटना ने न केवल क्षेत्र में नेटवर्क कनेक्टिविटी के अभाव को उजागर किया है, बल्कि बुनियादी सुविधाओं के बिना जमीनी स्तर पर काम करने वाले स्वास्थ्य कर्मियों की व्यावहारिक समस्याओं और मानसिक दबाव पर भी गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m


