सोनू वर्मा, नूंह। नूंह-पलवल रोड स्थित सर्किट हाउस के सामने गुरुवार को एक युवक 11 हजार वोल्ट की हाईटेंशन बिजली लाइन की चपेट में आकर बुरी तरह झुलस गया। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलते ही पुलिस और बिजली विभाग की टीम घटनास्थल पर पहुंची और घायल युवक को गंभीर हालत में शहीद हसन खान मेवाती मेडिकल कॉलेज, नल्हड़ में भर्ती कराया गया।

घटनास्थल की जांच के दौरान पुलिस को एक प्लास और कुल्हाड़ी बरामद हुई है। इसके बाद आशंका जताई जा रही है कि युवक बिजली के तारों से छेड़छाड़ कर रहा था या उन्हें काटने का प्रयास कर रहा था। हालांकि पुलिस ने अभी इस संबंध में कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं की है और सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच की जा रही है।

बिजली विभाग के एसडीओ हरि किशन ने बताया कि घायल व्यक्ति विभाग का कर्मचारी नहीं है। प्रारंभिक जांच में मामला बिजली लाइन से छेड़छाड़ या तार चोरी के प्रयास से जुड़ा प्रतीत हो रहा है। विभाग भी अपने स्तर पर पूरे घटनाक्रम की जांच कर रहा है।

वहीं सदर थाना नूंह प्रभारी प्रवीण ने बताया कि घायल युवक की पहचान अभी तक नहीं हो सकी है। वह गंभीर रूप से झुलसा हुआ है और अस्पताल में उसका उपचार जारी है। पुलिस आसपास के क्षेत्रों में पहचान कराने का प्रयास कर रही है तथा मामले से जुड़े सभी तथ्यों को खंगाल रही है।

पुलिस ने मौके से मिले उपकरणों को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि युवक के होश में आने और पहचान होने के बाद ही घटना की वास्तविक वजह सामने आ सकेगी।