वीरेंद्र कुमार, नालंदा। जिले के नगरनौसा थाना क्षेत्र में हुए एक दर्दनाक सड़क हादसे में 19 वर्षीय युवक की मौत हो गई। मृतक की पहचान चंडी थाना क्षेत्र के जागो बीघा निवासी इंदु राम के पुत्र संजीव कुमार के रूप में हुई है। घटना के बाद परिजनों में कोहराम मच गया। सभी का रो-रोकर बुरा हाल है।

काम से घर लौटते समय ट्रक ने मारी टक्कर

बताया जाता है कि संजीव कुमार नगरनौसा में एक मिठाई दुकान में काम करता था। सोमवार की देर शाम वह काम खत्म कर वह मोटरसाइकिल से अपने घर लौट रहा था। इसी दौरान नगरनौसा प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र के समीप एक ट्रक ने उसकी बाइक को टक्कर मार दी। हादसे में वह गंभीर रूप से घायल हो गया। स्थानीय लोगों और पुलिस की मदद से उसे इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे इलाज के दरमियान मृत घोषित कर दिया। युवक की मौत की खबर मिलते ही परिवार और गांव में मातम पसर गया।

पिछले साल मई में हुई थी शादी

मृतक संजीव कुमार की शादी 5 मई 2025 को बेना थाना क्षेत्र के सिरनाम गांव निवासी मोहन राम की पुत्री पुनीता कुमारी से हुई थी। शादी को अभी करीब एक वर्ष ही हुआ था। दंपति की कोई संतान नहीं थी। पति की असामयिक मौत से पत्नी पुनीता कुमारी सदमे में है। उसके सामने अब भविष्य को लेकर गंभीर संकट खड़े हो गए हैं।

आरोपी चालक की तलाश में जुटी पुलिस

घटना के संबंध में नगरनौसा थानाध्यक्ष शशि मिश्रा ने बताया कि सड़क दुर्घटना में घायल युवक को अस्पताल भेजा गया था, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए बिहारशरीफ सदर अस्पताल भेज दिया है। दुर्घटना में शामिल ट्रक को जब्त कर लिया गया है, जबकि चालक मौके से फरार हो गया। वाहन नंबर के आधार पर उसकी पहचान और गिरफ्तारी के लिए कार्रवाई की जा रही है।

ये भी पढ़ें- बिहार में दर्दनाक हादसा: पीपल का पेड़ गिरने से एक ही परिवार के 5 लोगों की मौत, गांव में मचा कोहराम