सुप्रिया पाण्डेय, रायपुर। राजधानी रायपुर के माना कैंप स्थित शूटिंग रेंज में आज 25वीं छत्तीसगढ़ राज्य शूटिंग मीट का शुभारंभ किया गया। छत्तीसगढ़ प्रदेश राइफल एसोसिएशन की ओर से आयोजित इस राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में प्रदेशभर के निशानेबाज हिस्सा ले रहे हैं। प्रतियोगिता में खिलाड़ी अपनी सटीक निशानेबाजी, एकाग्रता और खेल कौशल का प्रदर्शन कर रहे हैं।

प्रतियोगिता के उद्घाटन समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में रायपुर पुलिस कमिश्नर डॉ. संजीव शुक्ला शामिल हुए। विशिष्ट अतिथि के रूप में विंग कमांडर विवेक कुमार साहू शामिल हुए। अतिथियों ने खिलाड़ियों से मुलाकात कर उनका उत्साह बढ़ाया और शूटिंग जैसे अनुशासन एवं धैर्य वाले खेल को बढ़ावा देने के लिए आयोजन की सराहना की।

इस राज्य शूटिंग मीट में पुरुष और महिला वर्ग के साथ अलग-अलग आयु समूहों में मुकाबले आयोजित किए जा रहे हैं। प्रदेश के विभिन्न जिलों से पहुंचे निशानेबाज अलग-अलग स्पर्धाओं में अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन कर रहे हैं।

प्रतियोगिता में 10 मीटर, 25 मीटर और 50 मीटर राइफल एवं पिस्टल स्पर्धाओं का आयोजन किया जा रहा है। इसमें 10 मीटर एयर पिस्टल, एयर राइफल, 25 मीटर स्पोर्ट्स पिस्टल, स्टैंडर्ड पिस्टल और सेंटर फायर पिस्टल जैसी प्रमुख स्पर्धाएं शामिल हैं।

वहीं 50 मीटर राइफल वर्ग में पुरुष और महिला खिलाड़ियों के लिए प्रोन और 3 पोजीशन मुकाबले भी आयोजित किए जा रहे हैं। शूटिंग रेंज में खिलाड़ी पूरी एकाग्रता के साथ अपने लक्ष्य पर निशाना साधते नजर आ रहे हैं। एक-एक शॉट के साथ खिलाड़ियों के बीच बेहतर प्रदर्शन करने की प्रतिस्पर्धा देखने को मिल रही है।

आयोजन के तहत खिलाड़ियों के लिए प्रशिक्षण और अभ्यास सत्र भी रखा गया है। प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले निशानेबाजों का चयन आगे होने वाली जोनल और जीवी मावलंकर शूटिंग चैंपियनशिप के लिए किया जाएगा।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m