सुमन राजपूत,करनाल। हरियाणा के तरावड़ी-नीलोखेड़ी रेलवे ट्रैक पर गुरुवार को एक दर्दनाक हादसा सामने आया। तेज रफ्तार वंदे भारत एक्सप्रेस के आगे कूदकर करीब 45 वर्षीय अज्ञात व्यक्ति ने आत्महत्या कर ली। टक्कर इतनी भीषण थी कि मौके पर ही उसकी मौत हो गई। घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई।

प्रत्यक्षदर्शियों की सूचना पर जीआरपी (Government Railway Police) मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू की। हालांकि देर शाम तक मृतक की पहचान नहीं हो सकी।

बाजू पर ‘Soneha’ लिखा मिला

जांच के दौरान पुलिस को मृतक के एक बाजू पर अंग्रेजी में “Soneha” लिखा हुआ मिला, जिसे पहचान का अहम सुराग माना जा रहा है। जीआरपी इसी आधार पर मृतक की शिनाख्त कराने का प्रयास कर रही है।

पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया शव

जीआरपी जांच अधिकारी ऋषि कुमार ने बताया कि आवश्यक कानूनी कार्रवाई पूरी करने के बाद शव को कल्पना चावला मेडिकल कॉलेज की मोर्चरी में पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।

आसपास के जिलों में भेजी गई सूचना

पुलिस ने मृतक की पहचान के लिए आसपास के थाना क्षेत्रों और अन्य जिलों में भी सूचना भेजी है। पहचान होने के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

जीआरपी ने लोगों से अपील की है कि यदि किसी व्यक्ति के लापता होने की जानकारी हो या मृतक की पहचान से जुड़ी कोई सूचना हो, तो तत्काल नजदीकी पुलिस थाना या जीआरपी से संपर्क करें।