दक्षिणी चीन के शहर लिउझोऊ और उसके आसपास के इलाकों में सोमवार तड़के तेज भूकंप क्व झटके महसूस किये गए, जिससे हड़कंप मच गया. यह झटके इतने तेज थे की इसके प्रभाव से कई इमारतें ढह गईं और लोग मलबे में फंस गए. बचाव दलों को अंधेरे में ही राहत अभियान शुरू करना पड़ा. सोशल मीडिया पर कई वीडियो सामने आए हैं जिसमें तबाही का मंजर साफ नजर आ रहा है. इस प्राकृतिक आपदा में अब तक 2 लोगों की मौत होने की पुष्टि हुई है, जबकि एक व्यक्ति अभी भी लापता है.

स्थानीय समयानुसार रात 12:21 बजे आए इस भूकंप का केंद्र लिउझोउ के लिउनान जिले में था. अमेरिकी भूवैज्ञानिक सर्वेक्षण और चीन की भूकंप एजेंसी दोनों ने इसकी तीव्रता 5.2 मैग्नीट्यूड बताई है. भूकंप की गहराई करीब 8 किलोमीटर थी. विशेषज्ञों के मुताबिक कम गहराई वाले भूकंप सतह पर ज्यादा नुकसान पहुंचाते हैं. जिस इलाके में सबसे ज्यादा इसका प्रभाव महसूस किया गया वहां करीब 40 लाख की आबादी निवास करती है.

13 इमारतें ढह गईं

जानकारी के मुताबिक़ इस भूकंप के कारण इलाके में भारी नुकसान हुआ है. सरकारी मीडिया सीसीटीवी और समाचार एजेंसी ‘सिन्हुआ’ के अनुसार, भूकंप के चलते 13 इमारतें ढह गईं. मलबे में दबे लोगों की तलाश के लिए सर्च एंड रेस्क्यू अभियान लगातार जारी है. सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए प्रशासन ने अब तक 7,000 से अधिक लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया है.

मलबे और हादसों की चपेट में आने से घायल हुए 4 लोगों को तुरंत अस्पताल में भर्ती कराया गया है. डॉक्टरों के मुताबिक, फिलहाल किसी भी घायल की जान को खतरा नहीं है. राहत की बात यह है कि भूकंप के बावजूद प्रभावित क्षेत्र में संचार, बिजली, पानी और गैस की सप्लाई पूरी तरह सामान्य है. साथ ही सड़क यातायात भी सुचारू रूप से चल रहा है.

रात में शुरू हुआ रेस्क्यू ऑपरेशन

भूकंप के तुरंत बाद राहत और बचाव एजेंसियां सक्रिय हो गईं. रात करीब 2 बजे तक 51 फायर और रेस्क्यू वाहनों के साथ 315 से ज्यादा आपातकर्मी प्रभावित इलाके में पहुंच चुके थे. पुलिस, दमकल और मेडिकल टीमें लगातार मलबे में फंसे लोगों को निकालने में जुटी हैं. स्थानीय प्रशासन ने अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि जल्द से जल्द नुकसान और हताहतों का सही आंकड़ा जुटाया जाए और प्रभावित लोगों को सुरक्षित स्थानों तक पहुंचाया जाए. साथ ही आफ्टरशॉक्स पर भी नजर रखी जा रही है.

ट्रेनों की आवाजाही पर असर

भूकंप के तेज झटकों को देखते हुए रेलवे अधिकारियों ने सुरक्षा जांच शुरू कर दी है. रेल लाइनों और बुनियादी ढांचे की मजबूती को परखा जा रहा है. अधिकारियों ने चेतावनी दी है कि इस जांच के कारण ट्रेनों के संचालन में देरी हो सकती है और यात्रियों को परिवहन संबंधी बाधाओं का सामना करना पड़ सकता है.

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m