50 Wild Elephants Reach Jharkhand from Chhattisgarh: पड़ोसी राज्य छत्तीसगढ़ से 50 जंगली हाथियों का झुंड झारखंड पहुंच गया है। जंगली हाथियों का झुंड झारखंड के गढ़वा जिले में पहुंचा है। इसके कारण गढ़वा जिले के 24 गांवों के ग्रामीणों में डर का माहौल है। हाथियों के डर के कारण लोग शाम होते ही घरों में कैद हो जा रहे हैं। इधर किसी भी अनहोनी से निपटने के लिए वन विभाग अलर्ट मोड पर है। वन विभाग ने चार क्यूआरटी और विशेषज्ञों की दो टीमों को अलर्ट पर रखा है।
दरअसल गढ़वा जिला छत्तीसगढ़, उत्तर प्रदेश और बिहार की सीमाओं के पास बसा है। जंगलों से घिरे इस इलाके में जंगली हाथियों की आवाजाही होती रहती है। हालांकि इन दिनों छत्तीसगढ़ की ओर से हाथियों के कई झुंड गढ़वा के सीमावर्ती इलाकों में पहुंच गए हैं। इनमें चार से पांच दर्जन हाथियों का एक बड़ा झुंड भी शामिल है।

हाथियों की गतिविधियों से चिनिया, रंका, रमकंडा, भंडरिया, मेराल और बड़गढ़ प्रखंड के जंगलों और आसपास के इलाकों में रहने वाले लोग डरे हुए हैं। 24 गांवों में डर का माहौल है। ग्रामीणों के लिए सबसे बड़ी परेशानी यह है कि हाथियों का झुंड कब और किस तरफ पहुंच जाए, इसका अंदाजा लगाना मुश्किल है। लोगों को डर है कि हाथी उनके घरों को नुकसान पहुंचा सकते हैं। रात के समय घर से बाहर निकलना भी जोखिम भरा लग रहा है।
सुबह 7 से शाम 5 बजे तक निपटा रहे जरूरी काम
ग्रामीणों के मुताबिक, वे सुबह करीब 7 बजे से शाम 5 बजे तक ही अपने जरूरी काम निपटाने की कोशिश करते हैं। इसके बाद घरों में रहना ही सुरक्षित लगता है। खेती-किसानी और दूसरे जरूरी कामों के लिए बाहर निकलने वाले लोगों को भी सतर्क रहना पड़ रहा है। रात में हाथियों के हमले और जान-माल के नुकसान की आशंका लोगों की चिंता बढ़ा रही है।
वन विभाग लोगों को जागरूक कर रहा
हाथियों की लगातार आवाजाही को देखते हुए वन विभाग ने चार क्विक रिस्पॉन्स टीमें तैनात की हैं। इन टीमों का काम हाथियों की गतिविधियों पर नजर रखना और जरूरत पड़ने पर तुरंत मौके पर पहुंचना है। इसके अलावा विशेषज्ञों की दो टीमें भी इलाके में मौजूद हैं। वन विभाग की ओर से ग्रामीणों को जागरूक कर रहा है। लोगों को हाथियों से दूरी बनाए रखने और सतर्क रहने की सलाह दी जा रही है।
SIR पर चुनाव आयोग में फूट! 10 महीने में 14 बार दो चुनाव आयुक्तों ने फैसलों पर जताई नाराजगी, जानकारी के बिना निर्णय लेने का लगाया आरोप
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m

