रोहित कश्यप, मुंगेली। मुंगेली में 80वां स्वतंत्रता दिवस देशभक्ति, उत्साह और पर्यावरण संरक्षण के संदेश के साथ हर्षोल्लास से मनाया गया। जिला मुख्यालय स्थित डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी स्टेडियम में आयोजित जिला स्तरीय मुख्य समारोह में ध्वजारोहण, परेड, सांस्कृतिक कार्यक्रम और सम्मान समारोह के बाद ऐसा नजारा देखने को मिला, जिसने पूरे आयोजन को यादगार बना दिया।

देशभक्ति गीतों की धुन पर मुख्य अतिथि विधायक पुन्नूलाल मोहले, कलेक्टर कुन्दन कुमार, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक भोजराम पटेल और जिला पंचायत सीईओ गोकुल रावटे स्कूली बच्चों के साथ जमकर झूमते नजर आए। समारोह के समापन पर जैसे ही ‘रंग दे बसंती चोला’ और ‘ये देश है वीर जवानों का’ देशभक्ति गीत बजे, विधायक, कलेक्टर और एसएसपी बच्चों के बीच पहुंच गए। अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों को अपने बीच पाकर बच्चों का उत्साह देखते ही बना। पूरा स्टेडियम देशभक्ति के रंग में रंग गया और ‘भारत माता की जय’ तथा ‘वंदे मातरम’ के जयकारों से गूंज उठा।

औपचारिकता छोड़ बच्चों के बीच पहुंचे विधायक, कलेक्टर, एसएसपी

स्वतंत्रता दिवस समारोह में आमतौर पर मंच पर नजर आने वाले जिले के आला अधिकारी जब स्कूली बच्चों के बीच पहुंचे और उनके साथ देशभक्ति गीतों पर झूमे तो यह पल समारोह का सबसे आकर्षक दृश्य बन गया। विधायक मोहले, कलेक्टर कुन्दन कुमार और एसएसपी भोजराम पटेल ने बच्चों के साथ कदम से कदम मिलाकर उनका उत्साह बढ़ाया।
यह नजारा मौजूद लोगों के बीच चर्चा का विषय रहा। बच्चों ने भी अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों के साथ जमकर उत्साह दिखाया और स्वतंत्रता दिवस की खुशी साझा की।

ध्वजारोहण के साथ शुरू हुआ मुख्य समारोह

विधायक पुन्नूलाल मोहले ने प्रातः 9 बजे जिला स्तरीय मुख्य समारोह में ध्वजारोहण किया और जिलेवासियों को स्वतंत्रता दिवस की बधाई एवं शुभकामनाएं दीं। उन्होंने परेड का निरीक्षण कर सलामी ली तथा मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय का जनता के नाम संदेश वाचन किया। मुख्य अतिथि ने कलेक्टर कुन्दन कुमार और एसएसपी भोजराम पटेल के साथ शांति, हर्षोल्लास एवं खुशहाली के प्रतीक तीन रंगों के गुब्बारे आसमान में छोड़े। सशस्त्र गार्ड द्वारा हर्ष फायर किया गया। 12 प्लाटूनों ने आकर्षक मार्चपास्ट किया, जबकि स्कूली छात्र-छात्राओं ने सामूहिक पीटी का प्रदर्शन किया। जिला पुलिस बल के बैंड की देशभक्ति धुन भी आकर्षण का केन्द्र रही।

शहीदों के परिजनों का सम्मान

समारोह में विधायक मोहले ने जिले के वीर शहीदों की शहादत को नमन करते हुए उनके परिजनों को शाल और श्रीफल भेंटकर सम्मानित किया। शहीद धनंजय सिंह राजपूत, छत्रधारी जांगड़े, आर. आनंद सिंह राठौर, संतोष पहारे, नरेन्द्र साहू और प्लाटून कमांडर राजकमल कश्यप के परिवारजनों का सम्मान किया गया।

स्कूली बच्चों की सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने बांधा समां

स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर विभिन्न स्कूलों के विद्यार्थियों ने सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए। स्वामी आत्मानंद अंग्रेजी माध्यम स्कूल, रेम्बो मेमोरियल अंग्रेजी माध्यम स्कूल, शासकीय उच्चतर माध्यमिक शाला करही और पीएम श्री एकलव्य आदर्श आवासीय विद्यालय बंधवा के विद्यार्थियों ने मनमोहक प्रस्तुतियां दी। प्रतियोगिता में शासकीय उच्चतर माध्यमिक शाला करही प्रथम, एकलव्य आवासीय विद्यालय बंधवा द्वितीय और कस्तूरबा गांधी बालिका आवासीय विद्यालय सारधा लोरमी तृतीय स्थान पर रहा।

‘एक पेड़ मां के नाम’ के तहत किया पौधारोपण

स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर पर्यावरण संरक्षण और हरियाली संवर्धन का संदेश देते हुए डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी स्टेडियम में ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान के तहत पौधारोपण कार्यक्रम भी आयोजित किया गया। मुख्य अतिथि विधायक पुन्नूलाल मोहले, कलेक्टर कुन्दन कुमार, एसएसपी भोजराम पटेल, डीएफओ अभिनव कुमार सहित जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों और गणमान्य नागरिकों ने पौधारोपण किया। इस दौरान नीम का पौधा रोपित कर पर्यावरण संरक्षण का संकल्प लिया गया।

विधायक मोहले ने कहा कि पेड़-पौधे हमारे जीवन का आधार हैं और ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान पर्यावरण संरक्षण के साथ भावनात्मक जुड़ाव का संदेश भी देता है। उन्होंने प्रत्येक व्यक्ति से अपनी मां के सम्मान में एक पौधा लगाने और उसे वृक्ष बनने तक संरक्षित करने का संकल्प लेने की अपील की। कलेक्टर कुन्दन कुमार ने पौधारोपण को पर्यावरण के प्रति निरंतर जिम्मेदारी बताते हुए लगाए गए पौधों की नियमित देखभाल और संरक्षण पर जोर दिया। उन्होंने जिलेवासियों से अधिक से अधिक पौधे लगाने और मुंगेली को हराभरा बनाने में सहभागी बनने की अपील की। वहीं एसएसपी भोजराम पटेल ने पर्यावरण संरक्षण को सामूहिक जिम्मेदारी बताते हुए कहा कि स्वच्छ, सुरक्षित और हरा-भरा वातावरण आने वाली पीढ़ियों के लिए महत्वपूर्ण विरासत है। उन्होंने पौधे लगाने के साथ उनके संरक्षण में भी सक्रिय भागीदारी की अपील की।

उत्कृष्ट कार्य करने वाले अधिकारी-कर्मचारी सम्मानित

समारोह में शासन की योजनाओं एवं कार्यक्रमों में बेहतर कार्य करने वाले विभिन्न विभागों के अधिकारी-कर्मचारियों को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया। इस दौरान वनमंडलाधिकारी अभिनव कुमार, अतिरिक्त कलेक्टर निष्ठा पाण्डेय तिवारी, जिला पंचायत सीईओ गोकुल रावटे, स्थानीय जनप्रतिनिधि, अधिकारी-कर्मचारी, गणमान्य नागरिक और बड़ी संख्या में जिलेवासी मौजूद रहे। स्वतंत्रता दिवस का पूरा समारोह जहां देशभक्ति के जोश से सराबोर रहा, वहीं बच्चों संग विधायक, कलेक्टर और एसएसपी का बेझिझक झूमना और ‘एक पेड़ मां के नाम’ के तहत पौधारोपण ने आयोजन को एक अलग ही संदेश दिया—देशभक्ति के साथ पर्यावरण और नई पीढ़ी के प्रति जिम्मेदारी का भी।

देखें वीडियो –

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m