उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव से पहले कांग्रेस ने अपनी नई मीडिया टीम का ऐलान किया है. टीम में दो वाइस चेयरपर्सन, छह रीजनल कोऑर्डिनेटर, 45 प्रदेश प्रवक्ता, 21 मीडिया पैनलिस्ट और सात जिला प्रवक्ता शामिल हैं.
लखनऊ. उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव से पहले कांग्रेस ने सोमवार को अपनी नई मीडिया टीम की घोषणा कर दी. मीडिया और पब्लिसिटी विभाग के चेयरमैन एवं राज्यसभा सांसद पवन खेड़ा ने टीम की सूची जारी की. इसमें प्रदेश प्रवक्ता प्रियंका गुप्ता को वाइस चेयरपर्सन की जिम्मेदारी दी गई है.
कांग्रेस ने चुनाव के दौरान मीडिया के जरिए पार्टी का पक्ष रखने के लिए संगठन में कई स्तरों पर नियुक्तियां की हैं. सूची में कुछ पुराने प्रवक्ताओं को फिर से जिम्मेदारी मिली है, जबकि कुछ नेताओं को नई भूमिका दी गई है.
दो वाइस चेयरपर्सन
नई टीम में प्रियंका गुप्ता के अलावा संजीव कुमार सिंह को भी वाइस चेयरपर्सन बनाया गया है. पार्टी ने कुल दो वाइस चेयरपर्सन के साथ छह रीजनल कोऑर्डिनेटर नियुक्त किए हैं.

इसके अलावा 45 प्रदेश प्रवक्ता, 21 स्टेट मीडिया पैनलिस्ट और सात जिला प्रवक्ताओं के नामों की घोषणा की गई है.
छह जोन में जिम्मेदारी
क्षेत्रीय स्तर पर मोईन हसन खान को वेस्ट जोन और राजेंद्र सागर को ब्रज जोन का रीजनल कोऑर्डिनेटर बनाया गया है. प्रेम नारायण पाल को बुंदेलखंड और डॉ. पूर्वी वर्मा को अवध जोन की जिम्मेदारी सौंपी गई है.
ओमप्रकाश सरोज को प्रयाग और पुनीत पाठक को ईस्ट जोन का रीजनल कोऑर्डिनेटर बनाया गया है. वहीं डॉ. अन्नू प्रसाद पासवान, अंशू अवस्थी, पंखुड़ी पाठक, सचिन रावत और उमाशंकर पांडेय समेत 45 नेताओं को प्रदेश प्रवक्ता बनाया गया है.
जिला स्तर पर नियुक्तियां
कांग्रेस की सूची में 21 स्टेट मीडिया पैनलिस्ट भी शामिल हैं. इनमें मुरली मनोहर, उषा रानी कोरी और आगा यूनुस समेत अन्य नेताओं को जिम्मेदारी दी गई है.
जिला स्तर पर मीडिया प्रबंधन के लिए राहुल राय, हिमांशु चौधरी और सावित्री त्रिपाठी समेत सात नेताओं को जिला प्रवक्ता बनाया गया है. पार्टी को उम्मीद है कि नई टीम चुनाव के दौरान विभिन्न मीडिया मंचों पर कांग्रेस का पक्ष प्रभावी तरीके से रखेगी.



