मध्यप्रदेश के अलग-अलग जिलों से सड़क हादसों और आगजनी की दो खबरें सामने आई हैं। जबलपुर में जहां एक तेज रफ्तार ट्रक ने स्कूटी सवार युवक को रौंद दिया, वहीं अनूपपुर में भीषण गर्मी के चलते एक चलता हुआ ट्रक बीच सड़क पर धू-धूकर जल उठा। दोनों ही घटनाओं के बाद मौकों पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया।

    युवक के दोनों पैर कटे

    कुमार इंदर, जबलपुर। खजरी खिरिया बायपास पर आज एक रोंगटे खड़े कर देने वाला सड़क हादसा हो गया। यहाँ एक तेज रफ्तार ट्रक ने स्कूटी सवार युवक को बुरी तरह कुचल दिया। टक्कर इतनी जोरदार थी कि स्कूटी ट्रक के नीचे ही फंस गई और घिसटने की वजह से ट्रक में भीषण आग लग गई। इस हादसे में स्कूटी सवार युवक गंभीर रूप से घायल हो गया है। ट्रक के पहियों की चपेट में आने से उसके दोनों पैर बुरी तरह कुचल गए हैं। युवक को बेहद नाजुक हालत में तत्काल मेडिकल कॉलेज अस्पताल रेफर किया गया है।

    चालक फरार, पुलिस जांच में जुटी: माढ़ोताल थाना प्रभारी (TI) अपूर्वा चौरसिया के मुताबिक, घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और दमकल विभाग की टीम मौके पर पहुंची। काफी मशक्कत के बाद ट्रक में लगी आग पर काबू पाया गया। हादसे के बाद ट्रक चालक मौके से फरार हो गया है, जिसकी सरगर्मी से तलाश की जा रही है।

      टायर फटा और जल उठा ट्रक

      न्यामुद्दीन अली अनूपपुर। दूसरी घटना अनूपपुर जिले के कोतमा थाना क्षेत्र से सामने आई है, जहाँ नेशनल हाईवे-43 पर जंगल चौकी के पास चलते ट्रक में अचानक भीषण आग लग गई। बताया जा रहा है कि रिकॉर्ड तोड़ गर्मी के कारण चलते ट्रक का टायर अचानक फट गया और उसमें आग लग गई, जिसने देखते ही देखते पूरे ट्रक को अपनी चपेट में ले लिया।

      अडानी कंपनी जा रहा था ट्रक

      जानकारी के अनुसार, यह ट्रक अनूपपुर से गिट्टी लादकर उमर्दा स्थित अडानी कंपनी की ओर जा रहा था। बीच रास्ते में ही यह हादसा हो गया। गनीमत रही कि आग भड़कते ही चालक और क्लीनर ने कूदकर अपनी जान बचाई, लेकिन पूरा ट्रक जलकर खाक हो गया। बीच सड़क पर ट्रक को आग की लपटों से घिरा देख आसपास के इलाके में हड़कंप मच गया। सुरक्षा के लिहाज से दोनों तरफ के ट्रैफिक को रोक दिया गया, जिससे नेशनल हाईवे पर लंबा जाम लग गया। घटना की जानकारी मिलते ही कोतमा नगरपालिका से फायर ब्रिगेड की गाड़ियां और पुलिस बल मौके पर पहुंचे। दमकलकर्मियों ने कड़ी मशक्कत के बाद आग को बुझाया।

      Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
      https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m