मयंक श्रीवास्तव, अयोध्या. 14 कोसी परिक्रमा मार्ग के चौड़ीकरण को लेकर प्रभावितों को मुआवजा और पुनर्वास न मिलने के मुद्दों पर राजनीति कर रहे विपक्ष को अयोध्या के नगर विधायक वेद प्रकाश गुप्ता ने करारा जवाब दिया है. उन्होंने विपक्ष पर पीड़ितों को भड़काने और 2027 के विधानसभा चुनावों के लिए उनका इस्तेमाल करने का गंभीर आरोप लगाया.
विधायक वेद प्रकाश गुप्ता ने कहा कि चौड़ीकरण से प्रभावित लोगों को भड़काने की पूरी कोशिश की गई. उन्होंने कहा, प्रभावित पक्ष को उकसाने के लिए अयोध्या से लेकर लखनऊ तक तरह-तरह के प्रलोभन दिए गए, लेकिन मैं अयोध्या की जनता का धन्यवाद और आभार व्यक्त करता हूं कि उन्होंने अत्यंत समझदारी से काम लिया और बहकावे में नहीं आए.
इसे भी पढ़ें- कार में मौत का खेलः UBI के शाखा प्रबंधक ने गोली मारकर दी जान, सुसाइड नोट में लिखा मौत का राज, जांच में जुटी खाकी
पूर्ववर्ती सरकारों और पूर्व मंत्रियों पर निशाना साधते हुए उन्होंने पूछा, जो लोग आज बड़ी-बड़ी बातें कर रहे हैं और लखनऊ में बैठकर पीड़ितों को ‘सब्ज बाग’ दिखा रहे हैं, वे कभी यहाँ विधायक और मंत्री भी रहे हैं. मैं उनसे पूछना चाहता हूं कि उन्होंने अपने 5 साल के कार्यकाल में अयोध्या के विकास के लिए कौन सा एक छोटा सा काम भी किया? उनका कार्यकाल केवल जातिवाद, परिवारवाद और पैसावाद तक ही सीमित था.
वेद प्रकाश गुप्ता ने आरोप लगाया कि विपक्ष की रणनीति पीड़ितों को मुआवजा और दुकानें मिलने से रोकने की थी. उन्होंने कहा कि विपक्ष चाहता था कि प्रभावित लोग परेशान रहें और वे उन्हें मंचों पर ले जाकर सरकार के खिलाफ चिल्लाएं, ताकि 2027 के चुनाव में इसका राजनीतिक लाभ उठाया जा सके. हालांकि, राज्य सरकार का संकल्प हर प्रभावित व्यक्ति को उचित मुआवजा और दुकान उपलब्ध कराना है.
इसे भी पढ़ें- ‘का हाल बा?’ अब भोजपुरी और अवधी में बतियाएंगे डॉक्टर, पर्चे पर भी दिखेगी हिंदी; डिप्टी सीएम की अनोखी सलाह
विधानसभा चुनाव 2027 को लेकर विपक्ष के दावों को खारिज करते हुए नगर विधायक ने कहा, अयोध्या से गाजियाबाद तक अपनी सरकार बनाने की जो कल्पना विपक्ष कर रहा है, वह एक ‘शेख चिल्ली’ का सपना है. वर्ष 2027 में भारतीय जनता पार्टी एक बार फिर प्रचंड बहुमत के साथ सरकार बनाएगी. जिस तरह 2017 में 52% वोट पाकर मुझे सेवा का अवसर मिला था, अयोध्या की जनता उसी इतिहास को दोहराएगी और भाजपा का परचम लहराएगा.


