T20 World Cup 2026: आईसीसी टी20 वर्ल्ड कप 2026 का आगाज 7 फरवरी से होने जा रहा है, लेकिन टूर्नामेंट शुरू होने से पहले ही सबसे बड़े मुकाबले भारत-पाकिस्तान पर अनिश्चितता के बादल मंडराने लगे हैं। क्रिकेट फैंस जिस हाई-वोल्टेज मुकाबले का बेसब्री से इंतजार कर रहे थे, उसके रद्द होने की आशंका अब गहराती जा रही है। दरअसल, पाकिस्तान ने 15 फरवरी को भारत के खिलाफ होने वाले मुकाबले का बहिष्कार करने का ऐलान किया है, जिससे पूरे टूर्नामेंट की तस्वीर पर असर पड़ सकता है।
भारत और पाकिस्तान के बीच यह मुकाबला श्रीलंका की राजधानी कोलंबो स्थित आर. प्रेमदासा स्टेडियम में खेला जाना है। पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (PCB) के इस फैसले के बाद सबसे बड़ा सवाल यह खड़ा हो गया है कि अगर पाकिस्तान मैदान पर उतरता ही नहीं है, तो क्या भारतीय टीम को श्रीलंका यात्रा करनी चाहिए? नियमों की बात करें तो इसका जवाब साफ तौर पर ‘हां’ है।
भारतीय टीम के लिए कोलंबो पहुंचना जरूरी
आईसीसी के नियमों के अनुसार, अगर कोई टीम तय समय पर मैदान पर नहीं उतरती है, तो उसे वॉकओवर के आधार पर हारा हुआ घोषित किया जा सकता है। ऐसे में भारत को पूरे 2 अंक तभी मिलेंगे, जब सूर्यकुमार यादव की कप्तानी वाली टीम तय समय पर कोलंबो पहुंचे और मैच के लिए मैदान में उपस्थित रहे।
नियम यह भी कहते हैं कि भारतीय कप्तान को टॉस के समय मैदान पर मौजूद रहना होगा। यदि पाकिस्तान के कप्तान सलमान अली आगा टॉस के लिए नहीं आते हैं, तो मैच रेफरी भारतीय टीम को विजेता घोषित कर देगा और भारत के खाते में पूरे 2 अंक जुड़ जाएंगे।
हालांकि, अगर भारतीय टीम यह मानकर श्रीलंका यात्रा नहीं करती कि मुकाबला होना ही नहीं है, तो स्थिति बदल सकती है। ऐसी हालत में मैच रेफरी भारत और पाकिस्तान दोनों को 1-1 अंक दे सकता है। यही वजह है कि भारतीय टीम के कोलंबो जाने की पूरी संभावना है। सूत्रों के अनुसार, टीम इंडिया वहां पहुंचकर सामान्य कार्यक्रम के तहत अभ्यास करेगी और मीडिया से भी बातचीत करेगी।
ICC ने PCB से मांगा जवाब
इस पूरे घटनाक्रम पर आईसीसी की भी नजर बनी हुई है। अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट परिषद ने पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड से आधिकारिक तौर पर अपने फैसले पर पुनर्विचार करने को कहा है। आईसीसी का मानना है कि किसी बड़े मुकाबले का बहिष्कार खेल की भावना के खिलाफ है। फिलहाल आईसीसी ने किसी तरह की सजा या प्रतिबंध का ऐलान नहीं किया है, लेकिन यह जरूर संकेत दिया है कि पाकिस्तान को इसके गंभीर परिणाम भुगतने पड़ सकते हैं।
इसे भी पढ़ें: T20 World Cup 2026 : अगर नहीं हुआ IND vs PAK मैच तो PCB के डूबेंगे करोड़ों, भारत को मिलेगा ये फायदा
नेट रन रेट पर पड़ सकता है बड़ा असर
भारत के खिलाफ मैच का बहिष्कार करना पाकिस्तान के लिए महंगा सौदा साबित हो सकता है। इस मुकाबले के न खेलने की स्थिति में पाकिस्तान का नेट रन रेट बुरी तरह प्रभावित होगा, जिसका असर आगे चलकर टूर्नामेंट में उसकी स्थिति पर पड़ सकता है। ऐसे में अब सभी की निगाहें आईसीसी और पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड पर टिकी हैं कि क्या पाकिस्तान अपने फैसले पर कायम रहता है या आखिरी समय में कोई बड़ा यू-टर्न लेता है।
फिलहाल, टी20 वर्ल्ड कप 2026 से पहले भारत-पाकिस्तान मुकाबले को लेकर सस्पेंस बरकरार है, और क्रिकेट जगत इस फैसले के अगले मोड़ का इंतजार कर रहा है।
Lalluram.Com के व्हाट्सएप चैनल को Follow करना न भूलें.
https://whatsapp.com/channel/0029Va9ikmL6RGJ8hkYEFC2H


