सुप्रिया पाण्डेय, रायपुर। रायपुर के इंडोर स्टेडियम में आयोजित 37वें फेडरेशन कप वॉलीबॉल 2026 टूर्नामेंट का भव्य शुभारंभ मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के हाथों हुआ। इस प्रतिष्ठित राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिता में देश के विभिन्न राज्यों से कुल 16 टीमें हिस्सा ले रही हैं। टूर्नामेंट का आयोजन 3 फरवरी से 8 फरवरी तक किया जा रहा है, जबकि फाइनल मुकाबला 8 फरवरी को खेला जाएगा।


शुभारंभ अवसर पर मुख्यमंत्री के समक्ष सभी राज्यों के खिलाड़ियों ने मार्च पास्ट किया। मुख्यमंत्री ने खिलाड़ियों से मुलाकात कर उनका उत्साहवर्धन किया और प्रतियोगिता के सफल आयोजन के लिए आयोजकों को शुभकामनाएं दीं।
मुख्यमंत्री ने अपने संबोधन में कहा कि यह सौभाग्य का विषय है कि छत्तीसगढ़ की धरती पर देशभर से आई 16 टीमें इस प्रतियोगिता में भाग ले रही हैं। उन्होंने सभी टीमों और खिलाड़ियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि खेल हमें टीमवर्क, सहयोग और समन्वय की भावना सिखाता है, जो जीवन में आगे बढ़ने के लिए बेहद जरूरी है।

उन्होंने कहा कि राज्य सरकार खेलों को लगातार आगे बढ़ाने के लिए प्रतिबद्ध है। खिलाड़ियों के सम्मान के लिए खेल अलंकरण समारोह आयोजित किए जाते हैं, साथ ही उन्हें आर्थिक सहायता भी प्रदान की जाती है। मुख्यमंत्री ने बताया कि बस्तर और सरगुजा संभाग में भी खेल ओलंपिक का आयोजन कराया गया है, जिससे ग्रामीण और आदिवासी अंचलों के खिलाड़ियों को आगे बढ़ने का अवसर मिला है।

मुख्यमंत्री ने यह भी कहा कि बस्तर तेजी से नक्सलमुक्त हो रहा है और वहां के लोग विकास की मुख्यधारा से जुड़ना चाहते हैं। छत्तीसगढ़ के खिलाड़ियों को ओलंपिक स्तर तक पहुंचाने के लिए उन्हें प्रोत्साहित किया जा रहा है और इसके लिए उचित राशि भी निर्धारित की गई है।
- छत्तीसगढ़ की खबरें पढ़ने यहां क्लिक करें
- लल्लूराम डॉट कॉम की खबरें English में पढ़ने यहां क्लिक करें
- खेल की खबरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें


