Asia Legends Cup 2026: थाईलैंड की सरज़मीं पर खेले गए एशिया लीजेंड्स कप 2026 के ऐतिहासिक फाइनल में इंडिया लीजेंड्स ने शानदार प्रदर्शन करते हुए बांग्लादेश लीजेंड्स को पराजित कर खिताब अपने नाम किया। रोमांचक मुकाबले में दीपक शर्मा की तूफानी बल्लेबाजी और कप्तान जतिन सक्सेना के संयमित नेतृत्व ने भारत को प्रथम एशियाई चैंपियन बना दिया।

गेंदबाजों ने रखी जीत की नींव
फाइनल मुकाबले में टॉस जीतकर बांग्लादेश लीजेंड्स के कप्तान धीमान घोष ने पहले बल्लेबाजी का फैसला किया, लेकिन भारतीय गेंदबाजों के सामने उनकी एक न चली। टूर्नामेंट में लगातार शानदार गेंदबाजी कर चुके मोहम्मद कलीम खान ने फाइनल में भी प्रभाव छोड़ा और 2 विकेट झटके। कपिल राणा ने भी 2 विकेट लेकर दबाव बनाए रखा।
अमरदीप सोनकर ने कसी हुई गेंदबाजी का बेहतरीन नमूना पेश करते हुए 3 ओवर में मात्र 6 रन देकर 1 विकेट लिया, जबकि मदर बसप्पा ने भी 1 विकेट हासिल किया। भारतीय गेंदबाजों के अनुशासित प्रदर्शन के चलते बांग्लादेश की पूरी टीम 123 रन पर सिमट गई। बांग्लादेश की ओर से सदत (22), इम्तियाज हुसैन (21) और सदिकुर रहमान (21) ने संघर्ष किया, जबकि मुख्तार अली 14 रन बनाकर नाबाद लौटे।
दीपक शर्मा की ऐतिहासिक पारी
124 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी इंडिया लीजेंड्स की शुरुआत बेहद खराब रही। टीम ने मात्र 10 रन पर 3 विकेट और 49 रन पर 5 विकेट गंवा दिए। बांग्लादेश के अनुभवी गेंदबाज आलोक कपाली ने घातक गेंदबाजी करते हुए 4 विकेट लेकर भारतीय खेमे की चिंता बढ़ा दी।
नाजुक हालात में दीपक शर्मा ने मोर्चा संभाला और 74 रनों की विस्फोटक पारी खेलकर मैच का रुख पूरी तरह बदल दिया। उनकी पारी में 4 चौके और 5 गगनचुंबी छक्के शामिल रहे। कप्तान जतिन सक्सेना (21 रन नाबाद) के साथ उनकी साझेदारी ने भारत को 18.4 ओवर में ही जीत दिला दी और दर्शकों को रोमांच से भर दिया।
पुरस्कार वितरण समारोह
मैच के समापन पर आयोजित पुरस्कार समारोह में बीवीसीआई के अध्यक्ष प्रवीण त्यागी, रविंदर त्यागी, विनोद फड़के, एशिया कप के डायरेक्टर एवं टाइटल स्पॉन्सर ‘बॉस क्लब थाईलैंड’ के अनमोल वर्मा तथा टूर्नामेंट सीईओ तरुणेश परिहार ने विजेता और उपविजेता टीमों को सम्मानित किया।
प्रमुख पुरस्कार विजेता:
- विजेता ट्रॉफी: इंडिया लीजेंड्स (कप्तान – जतिन सक्सेना)
- रनर-अप ट्रॉफी: बांग्लादेश लीजेंड्स (कप्तान – धीमान घोष)
- मैन ऑफ द मैच: दीपक शर्मा
- प्लेयर ऑफ द टूर्नामेंट: मोहम्मद कलीम खान (12 विकेट और 70 रन)
- बेस्ट बॉलर: आलोक कपाली (बांग्लादेश)
- बेस्ट बैट्समैन: भानु सेठ (इंडिया लीजेंड्स)
छत्तीसगढ़ के खिलाड़ियों का शानदार योगदान
छत्तीसगढ़ से इंडिया लीजेंड्स टीम में कप्तान जतिन सक्सेना (भारतीय स्टेट बैंक), मोहम्मद कलीम खान (छत्तीसगढ़ पुलिस निरीक्षक) और चंद्रशेखर खूंटे (वन विभाग) का चयन किया गया था। तीनों खिलाड़ियों ने पूरे टूर्नामेंट में बेहतरीन प्रदर्शन कर प्रदेश को गौरवान्वित किया।
कप्तान जतिन सक्सेना के नेतृत्व में इंडिया लीजेंड्स पूरी प्रतियोगिता में अजेय रही और श्रीलंका, पाकिस्तान, हॉन्गकॉन्ग तथा बांग्लादेश को लीग चरण में पराजित करते हुए फाइनल में पहली ही बार में खिताब अपने नाम किया।
मोहम्मद कलीम खान ने हरफनमौला प्रदर्शन करते हुए सबसे अधिक 12 विकेट लिए और 70 रन बनाए। उन्हें श्रीलंका और पाकिस्तान के खिलाफ मैन ऑफ द मैच का पुरस्कार भी मिला। वहीं, चंद्रशेखर खूंटे ने अपनी कलात्मक बल्लेबाजी और चुस्त फील्डिंग से अहम योगदान दिया और पूरे टूर्नामेंट में सर्वश्रेष्ठ क्षेत्ररक्षकों में गिने गए।
समारोह में अंपायर्स, कमेंटेटर्स, ग्राउंड स्टाफ और सोशल मीडिया टीम को भी उनके योगदान के लिए सम्मानित किया गया।
इंडिया लीजेंड्स की यह ऐतिहासिक जीत भारतीय क्रिकेट प्रेमियों के लिए गर्व का क्षण बन गई है।
Lalluram.Com के व्हाट्सएप चैनल को Follow करना न भूलें.
https://whatsapp.com/channel/0029Va9ikmL6RGJ8hkYEFC2H


