ललितपुर. गिरार थाना क्षेत्र के सेमरखेड़ा से एक चौकाने वाला मामला सामने आया है. जहां एक सिरफिरे दबंग ने शराब के नशे में एक युवक के साथ मारपीट की. मामूली विवाद के बाद दबंग ने अपने दांत से युवक का कान काट लिया. जिसके बाद युवक कान को हाथ में लेकर सीधे थाने पहुंचा और शिकायत दर्ज कराई.

घटना शनिवार शाम की बताई जा रही है. जहां रोहित नाम का लड़का पड़ोसी के खेत पर गया था. वहां दो लोग चने का होरा खा रहे थे, जिस पर रोहित की उनसे कहासुनी हो गई. आरोप है कि इसके बाद दोनों युवक शराब के नशे में परशुराम के घर आए और रोहित से मारपीट की. जब परशुराम ने अपने भाई को बचाने की कोशिश की, तो एक आरोपी ने उस पर हमला कर दिया और उसके कान को मुंह से काट लिया.

इसे भी पढ़ें : UGC के समर्थन में विधानसभा के बाहर प्रदर्शन, सुहेलदेव आर्मी के अध्यक्ष समेत 100 लोगों पर FIR

पीड़ित परशुराम शिकायत लेकर गिरार थाने पहुंचा. जहां से पुलिस ने उसे इलाज के लिए मड़ावरा के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भेजा. परशुराम अपने कटे हुए कान के टुकड़े को लेकर अस्पताल पहुंचा और डॉक्टरों से उसे जोड़ने का आग्रह किया, लेकिन वह जुड़ नहीं सका.