शिवम मिश्रा, रायपुर। राजधानी रायपुर में अवैध रूप से गुटखा भंडारण पर पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। खमतराई क्षेत्र में की गई छापामार कार्रवाई में 160 बोरी सितार गुटखा और 300 बोरी तंबाखू जब्त किया गया, जिसकी कीमत 20 लाख रुपए बताई जा रही है। राजधानी में इस बड़ी कार्रवाई से अवैध कारोबारियों में हड़कंप मच गया है।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, खमतराई इलाके में लंबे समय से अवैध रूप से गुटखा का भंडारण किया जा रहा था। दामों में बढ़ोतरी के बीच कालाबाजारी की आशंका पर पुलिस ने दबिश दी। कार्रवाई के दौरान मौके से 160 बोरी सितार गुटखा और 300 बोरी तंबाखू बरामद की गई। यह पूरी कार्रवाई रायपुर नार्थ के डीसीपी मयंक गुर्जर के नेतृत्व में की गई। स्थानीय पुलिस और फूड सेफ्टी विभाग के अधिकारी मामले की जांच में जुटे हैं। जब्त सामग्री को कब्जे में लेकर आगे की कानूनी प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।

रायपुर नार्थ DCP मयंक गुर्जर ने बताया कि रायपुर क्राइम ब्रांच और स्थानीय थाना पुलिस की संयुक्त टीम ने गुटखा भंडारण की सूचना पर बड़ी कार्रवाई की है. जानकारी के मुताबिक खमतराई थाना क्षेत्र के ट्रांसपोर्ट नगर इलाके में स्टोरेज रूम में सितार गुटखा और तंबाकू का भंडारण किया जा रहा था, जिसकी सूचना पर टीम ने छापेमार कार्रवाई कर 160 बोरी सितार और 300 बोरी तंबाकू कुल मशरूका 20 लाख रुपए जब्त किया गया है। संबंधित विभागों को भी सूचना दी गई है, ताकि पूरे मामले की जांच आगे बढ़ सके।