Sports News Update : छत्तीसगढ़ के नंबर वन न्यूज़ पोर्टल lalluram.com पर पढ़िए खेल जगत की हर बड़ी और अहम खबर। देश और प्रदेश में बीते दिन मैदान पर क्या रहा खास, किन टीमों ने दर्ज की जीत और किन खिलाड़ियों ने बटोरी सुर्खियां, साथ ही आज होने वाले मुकाबलों और खेल गतिविधियों पर एक नजर। पेश है स्पोर्ट्स की दिनभर की प्रमुख अपडेट।
T20 World Cup 2026

5वें दिन दक्षिण अफ्रीका, ऑस्ट्रेलिया और वेस्टइंडीज ने जीते अपने-अपने मुकाबले
बुधवार (11 फरवरी) को विश्व कप के पांचवे दिन तीन मुकाबले खेले गए। पहले मैच में दक्षिण अफ्रीका ने अफगानिस्तान को रोमांचक दूसरे सुपर ओवर में 4 रन से हराया। दूसरे मुकाबले में ऑस्ट्रेलिया ने आयरलैंड को आसान जीत के साथ अपने अभियान की शुरुआत की। वहीं दिन के आखिरी मैच में वेस्टइंडीज ने इंग्लैंड को 30 रन से हराकर बड़ा उलटफेर कर दिया।

दिन का सबसे यादगार मैच दक्षिण अफ्रीका और अफगानिस्तान के बीच रहा, जहां जीत-हार का फैसला दो सुपर ओवर के बाद हुआ। दोनों टीमों ने निर्धारित 20 ओवर में 187 रन बनाए और पहला सुपर ओवर भी टाई रहा। अंततः दूसरे सुपर ओवर में दक्षिण अफ्रीका ने 4 रन से जीत दर्ज की। अफगानिस्तान के लिए रहमानुल्लाह गुरबाज ने 84 रन की शानदार पारी खेली, लेकिन टीम जीत से चूक गई।
दूसरे मैच में ऑस्ट्रेलिया ने आयरलैंड को 67 रन से हराकर अपने अभियान की दमदार शुरुआत की। ऑस्ट्रेलिया ने 182 रन बनाए, जवाब में आयरलैंड 115 रन पर सिमट गई। नाथन एलिस और एडम जाम्पा ने 4-4 विकेट लेकर जीत में अहम भूमिका निभाई।
दिन के आखिरी मुकाबले में वेस्टइंडीज ने इंग्लैंड को 30 रन से हराया। वेस्टइंडीज ने 196 रन बनाए, जिसमें शेरफेन रदरफोर्ड ने नाबाद 76 रन ठोके। जवाब में इंग्लैंड 166 रन पर ढेर हो गई। गुडाकेश मोती ने 3 विकेट लेकर टीम की लगातार दूसरी जीत सुनिश्चित की। इन नतीजों के बाद ग्रुप तालिका में मुकाबला और दिलचस्प हो गया है।
T20 World Cup 2026 में छठे दिन खेले जाएंगे 3 मुकाबले

टी20 विश्व कप 2026 का रोमांच अब छठे दिन में पहुंच चुका है और गुरुवार को भी क्रिकेट फैंस के लिए तीन बड़े मुकाबले तय हैं। दिन की शुरुआत सुबह 11 बजे पल्लेकेले में श्रीलंका और ओमान के मैच से हो गई है। श्रीलंका ने अब तक अपना एक मुकाबला जीता है और ग्रुप बी में दो अंकों के साथ मजबूत स्थिति में है, जबकि ओमान को अपने पहले मैच में हार का सामना करना पड़ा था, ऐसे में वह वापसी की कोशिश करेगा।
इसे भी पढ़ें: IND vs NAM : दिल्ली में भारत की Playing 11 बदलना तय, छक्कों की बारिश करने वाले धुरंधर ‘अनफिट’, इन 3 मैच विनर्स के खेलने पर सस्पेंस
दोपहर 3 बजे मुंबई के वानखेड़े स्टेडियम में इटली और नेपाल आमने-सामने होंगे। दोनों टीमें ग्रुप सी में हैं और एक-एक मैच खेल चुकी हैं, लेकिन जीत का खाता अभी तक नहीं खुला है। इस मुकाबले के बाद किसी एक टीम को टूर्नामेंट में पहली जीत जरूर मिलेगी, जिससे अंक तालिका में उनकी स्थिति बेहतर होगी।
दिन का सबसे अहम और बहुप्रतीक्षित मुकाबला शाम 7 बजे दिल्ली के अरुण जेटली स्टेडियम में भारत और नामीबिया के बीच खेला जाएगा, जबकि टॉस 6:30 बजे होगा। टीम इंडिया ग्रुप ए में फिलहाल दूसरे स्थान पर है और इस मैच में जीत दर्ज करते ही शीर्ष स्थान पर पहुंच सकती है। साथ ही सुपर 8 में जगह लगभग पक्की करने का मौका भी भारत के पास होगा। वहीं नामीबिया अपनी पहली जीत की तलाश में उतरेगी, क्योंकि उसे अपने पहले मैच में हार झेलनी पड़ी थी।
इंग्लैंड के टेस्ट कप्तान बेन स्टोक्स की चेहरे की सर्जरी सफल

इंग्लैंड के टेस्ट कप्तान बेन स्टोक्स के चेहरे की सर्जरी सफलतापूर्वक पूरी हो गई है। हाल ही में अभ्यास के दौरान क्रिकेट गेंद गाल पर लगने से उनके चेहरे पर गंभीर चोट आई थी। 34 वर्षीय स्टोक्स ने मंगलवार को इंस्टाग्राम स्टोरी के जरिए अपडेट देते हुए हल्के-फुल्के अंदाज में लिखा, “शायद ऐसा न दिखे… लेकिन सर्जरी सफल रही।”
IPL 2026: डीवाई पाटिल स्टेडियम में नहीं खेल पाएगी RCB, MI ने NOC देने से किया इनकार

IPL 2026 के लिए रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB) को बड़ा झटका लगा है। मुंबई इंडियंस (MI) ने नवी मुंबई के डीवाई पाटिल स्टेडियम को होम ग्राउंड बनाने के लिए आवश्यक NOC देने से इनकार कर दिया है। नियमों के मुताबिक, किसी अन्य फ्रेंचाइजी के होम बेस के पास मैदान लेने के लिए उसकी मंजूरी जरूरी होती है।
बेंगलुरु में IPL जीत के जश्न के दौरान हुई भगदड़ में 11 लोगों की मौत के बाद चिन्नास्वामी स्टेडियम को लेकर विवाद खड़ा हुआ था। हालांकि बाद में KSCA को IPL और अंतरराष्ट्रीय मैचों की मेजबानी की अनुमति मिल गई, फिर भी RCB वैकल्पिक मैदान की तलाश में है।
सूत्रों के मुताबिक, RCB ने रायपुर में मैच कराने को लेकर छत्तीसगढ़ सरकार से बातचीत की थी, जबकि इंदौर अब बाकी मुकाबलों के लिए मजबूत विकल्प के तौर पर उभर रहा है।
Lalluram.Com के व्हाट्सएप चैनल को Follow करना न भूलें.
https://whatsapp.com/channel/0029Va9ikmL6RGJ8hkYEFC2H


