खगड़िया। जिले में पुलिस ने एक बड़े फर्जीवाड़े का पर्दाफाश करते हुए 100 करोड़ रुपये से अधिक की संपत्ति के मालिक एक फर्जी आईएएस अधिकारी को गिरफ्तार किया है। गोगरी थाना क्षेत्र के जमालपुर बाजार स्थित उसके ठिकाने पर जिला अपराध इकाई (डीआईयू) और गोगरी पुलिस की संयुक्त टीम ने शनिवार को दोपहर 1 बजे से रात करीब 8:30 बजे तक यानी साढ़े सात घंटे लंबी छापेमारी की। आरोपी की पहचान मनीष कुमार गुप्ता उर्फ चिक्कू के रूप में हुई है, जो पिछले 10 साल से खुद को आईएएस अधिकारी बताकर लोगों से ठगी कर रहा था। आरोपी ने शादी नहीं की है और घर में अकेला रहता था। उसने बाहरी गतिविधियों पर नजर रखने के लिए अपने घर के चारों तरफ 100 कैमरे लगवा रखे थे और वह बहुत कम बाहर निकलता था।
लग्जरी गाड़ियां और भारत सरकार का बोर्ड
छापेमारी के दौरान पुलिस ने एक ड्राइवरलेस टेस्ला वाई और एक डायकोर सफारी कार जब्त की है। इन दोनों लग्जरी गाड़ियों पर ‘भारत सरकार’ और ‘IAS’ का बोर्ड लगा हुआ था। पुलिस अब इन गाड़ियों के दस्तावेजों, ओनरशिप और सरकारी पहचान की गहनता से जांच कर रही है। इसके अलावा आरोपी खुद को राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार अजीत डोभाल का करीबी बताकर लोगों पर रौब झाड़ता था और भय पैदा करता था।
घर से बरामद संदिग्ध सामान
तलाश के दौरान पुलिस को भारी मात्रा में अवैध और संदिग्ध सामान मिला है:
- शराब: करीब 31 लीटर महंगी विदेशी शराब, जिसकी एक बोतल की कीमत 1 लाख रुपये से अधिक बताई जा रही है।
- वन्यजीव अवशेष: हिरण और बारहसिंगा के सींग तथा एक चादर में लिपटी मूर्ति।
- इलेक्ट्रॉनिक्स और दस्तावेज: लैपटॉप, कंप्यूटर, एप्पल के 5 मोबाइल फोन, 20 क्रेडिट कार्ड, 8 डेबिट कार्ड और 4 चेकबुक।
- पुलिस इस बात की भी जांच कर रही है कि उसकी संपत्ति बिहार के अलावा अन्य राज्यों और विदेशों (कनाडा में रह रहे उसके भाई सहित) में कहां-कहां फैली हुई है।
टेस्ला कार की कीमत और तकनीकी विशेषताएं
टेस्ला ने भारत में अपना ‘मॉडल वाई’ लॉन्च किया है, जो दो प्रमुख वेरिएंट्स में आता है:
- रियर व्हील ड्राइव (RWD): इसकी एक्स-शोरूम कीमत 59.89 लाख रुपये है। इसमें 60kWh की बैटरी है जो एक बार चार्ज करने पर 500 किमी (WLTP) तक की रेंज देती है। यह 0 से 100 किमी प्रति घंटे की रफ्तार सिर्फ 5.9 सेकंड में पकड़ लेती है।
- लॉन्ग रेंज: इसकी एक्स-शोरूम कीमत 67.89 लाख रुपये है। इसमें 75kWh की बैटरी है जो 622 किमी (WLTP) तक की रेंज देती है और 0 से 100 किमी प्रति घंटे की रफ्तार 5.6 सेकंड में तय करती है।
दोनों ही वेरिएंट्स की टॉप स्पीड 201 किमी प्रति घंटा है।


