लखनऊ. उत्तर प्रदेश की पूर्व आईएएस अधिकारी दिव्या मित्तल ने अपनी राजनीतिक पार्टी बनाने का ऐलान किया है. उनकी पार्टी का नाम ‘जननीति भारत’ है. गुरुवार (15 अक्टूबर 2026) को फेसबुक पर वीडियो जारी कर उन्होंने इसकी घोषणा की. दिव्या मित्तल ने कहा कि उनकी पार्टी 2027 के उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव में उतरेगी. वह खुद मिर्जापुर सदर सीट से चुनाव लड़ेंगी.
इसे भी पढ़ें- सड़क पर दौड़ी मौतः नीलगाय की चपेट में आए बाइक सवार पिता-पुत्र, एक की थमी सांसें, दूसरा लड़ रहा जिंदगी की जंग
‘पार्टियों की कमी नहीं, सुनवाई की कमी है’
दिव्या मित्तल ने कहा कि देश में राजनीतिक दलों की कमी नहीं है, लेकिन जनता की सुनवाई नहीं होती. उनकी पार्टी का पहला वचन है- ‘जन से नीति, नीति से भारत’. उन्होंने गंगा का उदाहरण देते हुए कहा कि जैसे गंगा में सभी बूंदें बराबर होती हैं, वैसे ही पार्टी में हर व्यक्ति की भागीदारी होगी. उन्होंने कहा कि सरकार केवल चुनाव के दिन नहीं, बल्कि पूरे पांच साल जनता के हिसाब से चलेगी.
जनता तय करेगी नीतियां
दिव्या मित्तल ने अपनी पार्टी के तीन प्रमुख वचनों की बात कही. उन्होंने कहा कि नीतियों के केंद्र में जनता होगी और लोग ही नीतियां तय करेंगे. दूसरा वचन न्याय से जुड़ा है. उन्होंने कहा कि जनता से पूछा जाना चाहिए कि उसे न्याय कहां और कैसे मिलना चाहिए. उनकी पार्टी की नीतियों में आम लोगों की जरूरतों को प्राथमिकता दी जाएगी.
स्कूल का उदाहरण देकर उठाए सवाल
दिव्या मित्तल ने देवकली देवी का जिक्र किया. उन्होंने बताया कि महिला ने घर में पानी की समस्या के बावजूद स्कूल की मांग की थी. उनके वीडियो के बाद स्कूल का काम शुरू हुआ, लेकिन जमीन जंगल की होने के कारण निर्माण रुक गया. उन्होंने सवाल उठाया कि बड़े उद्योगपतियों के लिए रास्ते जल्दी बन जाते हैं, जबकि गरीबों के स्कूल और सड़क से जुड़ी फाइलें वर्षों तक अटकी रहती हैं.
किसान, छोटे व्यापारी और महिलाओं पर जोर
दिव्या मित्तल ने कहा कि खेती से जुड़ी नीतियां किसानों के अनुभव के आधार पर बननी चाहिए. छोटे व्यापारियों की समस्याओं को भी नीति में जगह मिलनी चाहिए. उन्होंने महिलाओं और बच्चों के भविष्य को लेकर भी अपनी सोच रखी. 2013 बैच की आईएएस अधिकारी रहीं दिव्या ने IIT दिल्ली से बीटेक और IIM बेंगलुरु से MBA किया है. उन्होंने 30 सितंबर को राजनीति में आने का ऐलान किया था. अब ‘जननीति भारत’ के जरिए उन्होंने अपनी राजनीतिक दिशा स्पष्ट कर दी है.

