T20 World Cup 2026 : टी20 विश्व कप 2026 में जिस मैच का क्रिकेट फैंस को इंतजार था, उसकी घड़ी आ चुकी है. कल यानी 15 फरवरी को भारत और पाकिस्तान के बीच कोलंबो के आर. प्रेमदासा स्टेडियम में हाई-वोल्टेज मुकाबला होने जा रहा है. दोनों टीमें इस सीजन अपना तीसरा मैच खेलने उतरेंगी. मंच तैयार है. फाइट टफ मानी जा रही है, क्योंकि जिस पिच पर यह मैच होना है, वहां स्पिनर्स को मदद है. पाकिस्तान के पास 4-4 स्पिन के विकल्प हैं. टीम इंडिया भी ज्यादा से ज्यादा स्पिन विकल्प के साथ मैदान पर उतरेगी.

कोलंबो में रन बनाने की चुनौती रहने वाली है, लेकिन टीम इंडिया के पास एक ऐसा विस्फोटक बैटर है, जो न सिर्फ छक्कों की बारिश करता है, बल्कि जरूरत पड़ने पर टीम को संभालता भी है और बड़ी पारी खेलकर जीत दिलाने की अद्भुत क्षमता रखता है. ये वही खिलाड़ी है, जो पहले भी पाकिस्तान के होश उड़ा चुका है. जिस प्लेयर की यहां बात हो रही है, वो कोई और नहीं बल्कि तिलक वर्मा हैं.
तिलक वर्मा अपने टी20 इंटरनेशनल करियर में पाकिस्तान के खिलाफ 3 मैचों में 130 रन बना चुके हैं. तिलक दबाव में बिखरते नहीं हैं. वो कोलंबो की स्पिन पिच पर संयम से बैटिंग कर सकते हैं.
ये वही तिलक वर्मा हैं, जो दबाव में पाकिस्तान के खिलाफ बड़ी पारी खेल चुके हैं. एशिया कप 2025 के फाइनल में उन्होंने पाकिस्तान के खिलाफ 69 रनों की यादगार पारी खेली थी. ये पारी तब आई थी, जब भारतीय टीम 147 रनों के लक्ष्य का पीछा करते हुए 20/3 पर लड़खड़ा गई थी, लेकिन फिर तिलक ने मोर्चा संभाला और 53 गेंदों पर नाबाद 69 रन ठोककर मैच को पलट दिया. इस पारी में उन्होंने संयम के साथ बैटिंग की और आखिर में बड़े शॉट खेलकर जीत की कहानी लिखी थी. इस पारी में उनका स्ट्राइक रेट 130.18 का रहा, जिसमें 3 चौके और 4 छक्के शामिल थे.
मैच विनर बन चुके हैं तिलक वर्मा
तिलक वर्मा भारत के लिए नंबर 3 पर एक मैच विनर बैटर बन चुके हैं. पिछले 2 साल से इस नंबर पर रनों की बारिश करते आए हैं. डेब्यू के बाद से ही उन्होंने अब तक 43 टी20 मैच खेलकर 1270 रन बनाए हैं. हाई स्कोर 120 रन है. तिलक ने 47.04 की औसत और 144.00 के स्ट्राइक रेट से रन किए हैं. उनके नाम 6 अर्धशतक और 2 शतक हैं.
5 छक्के लगाते ही रचेंगे इतिहास
तिलक उन बल्लेबाजों में शुमार हैं, जिन्होंने पाकिस्तान के खिलाफ टी20 इंटरनेशनल में छक्कों की बारिश की है. भारत के लिए सबसे ज्यादा सिक्स लगाने वाले बैटर्स में विराट नंबर एक पर हैं, जिन्होंने पाकिस्तान के खिलाफ 11 मैचों में 11 सिक्स मारे हैं. इस लिस्ट में नंबर 2 पर युवराज का नाम है, जिन्होंने 8 मैचों में 9 सिक्स लगाए थे. नंबर तीन पर अभिषेक शर्मा, रोहित शर्मा और तिलक वर्मा हैं, जिन्होंने 7-7 सिक्स मारे हैं. अब अगर तिलक 15 तारीख को होने वाले मुकाबले में 5 छक्के लगाते हैं, तो वो विराट कोहली का रिकॉर्ड ब्रेक करके नंबर 1 बन जाएंगे.
टी20 विश्व कप 2026 में कैसा है तिलक का प्रदर्शन?
बाएं हाथ के स्टार बैटर तिलक वर्मा ने इस टी20 वर्ल्ड कप में अब तक 2 मैच खेले हैं. दोनों में उन्हें बढ़िया शुरुआत मिली, लेकिन बड़ी पारी नहीं खेल पाए. उन्होंने अमेरिका के खिलाफ 25 रन किए थे और फिर नामीबिया के खिलाफ भी 25 रन बनाकर आउट हो गए. अब ये खिलाड़ी पाकिस्तान के खिलाफ कहर बनकर टूट सकता है. तिलक इस सीजन अपना पहला पचासा लगाने की फिराक में जरूर होंगे.
- छत्तीसगढ़ की खबरें पढ़ने यहां क्लिक करें
- लल्लूराम डॉट कॉम की खबरें English में पढ़ने यहां क्लिक करें
- मनोरंजन की बड़ी खबरें पढ़ने के लिए करें क्लिक


