अशोक कुमार जायसवाल, चंदौली. सकलडीहा कोतवाली क्षेत्र में शनिवार को एक दर्दनाक सड़क हादसे में एक युवक की मौत हो गई, जबकि उसका साथी गंभीर रूप से घायल हो गया. हादसा कमलापुर–सकलडीहा मार्ग पर डेढ़गावां गांव के पास हुआ, जहां तेज रफ्तार और अनियंत्रित बाइक सड़क किनारे बने मंदिर से जा टकराई. सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर आगे की कार्रवाई शुरू की. घायल युवक को प्राथमिक उपचार के बाद जिला अस्पताल रेफर किया गया है.

मृतक की पहचान धीना थाना क्षेत्र के बेटाडीह निवासी 18 वर्षीय अमन गुप्ता पुत्र सुनील गुप्ता के रूप में हुई है, जबकि घायल युवक 20 वर्षीय धीरज गुप्ता पुत्र गुड्डू गुप्ता निवासी बिलासपुर (छत्तीसगढ़) बताया जा रहा है. दोनों युवक धीना थाना क्षेत्र के जलालपुर गांव में एक शादी समारोह में शामिल होने आए थे. बताया जा रहा है कि किसी काम से दोनों जलालपुर से निकले थे. जैसे ही वे कमलापुर–सकलडीहा मार्ग पर डेढ़गावां गांव के समीप पहुंचे, बाइक अचानक अनियंत्रित हो गई और सड़क किनारे स्थित मंदिर से टकरा गई. टक्कर इतनी जोरदार थी कि दोनों युवक उछलकर सड़क पर गिर पड़े और उनके सिर और शरीर पर गंभीर चोटें आईं.

इसे भी पढ़ें : मौत की रफ्तारः दीवार से जा भिड़ी बाइक, 1 युवक की घटनास्थल पर ही मौत, एक लड़ रहा जिंदगी की जंग

राहगीरों और स्थानीय लोगों ने तत्काल एंबुलेंस बुलाकर दोनों को सकलडीहा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) पहुंचाया. वहां मौजूद वरिष्ठ चिकित्सक डॉ. संजय यादव और बीके प्रसाद ने जांच के बाद अमन गुप्ता को मृत घोषित कर दिया. चिकित्सकों के अनुसार अस्पताल पहुंचने से पहले ही उसकी मौत हो चुकी थी. गंभीर रूप से घायल धीरज गुप्ता को प्राथमिक उपचार के बाद जिला चिकित्सालय रेफर कर दिया गया है, जहां उसका इलाज जारी है.

बताया जाता है कि अमन गुप्ता अपने ननिहाल खरखोलिया में रहता था. परिवार में एक छोटा भाई आदित्य गुप्ता (13 वर्ष) है. हादसे की खबर मिलते ही परिजन अस्पताल पहुंचे, जहां उनका रो-रोकर बुरा हाल हो गया. सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र परिसर में लोगों की भीड़ जुट गई और पूरे इलाके में शोक की लहर फैल गई. पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है. प्राथमिक जांच में बाइक के अनियंत्रित होकर मंदिर से टकराने की बात सामने आई.