IND vs PAK, T20 World Cup 2026: भारत और पाकिस्तान के बीच क्रिकेट का मुकाबला सिर्फ एक मैच नहीं, बल्कि करोड़ों फैंस की धड़कनों से जुड़ा इवेंट होता है। आईसीसी टी20 वर्ल्ड कप 2026 में कल यानी 15 फरवरी को दोनों टीमें कोलंबो के ऐतिहासिक आर प्रेमदासा स्टेडियम में आमने-सामने होंगी। मुकाबले से ठीक एक दिन पहले टीम इंडिया के कप्तान सूर्यकुमार यादव ने बड़ी खुशखबरी देते हुए स्टार ओपनर अभिषेक शर्मा की प्लेइंग इलेवन में वापसी की पुष्टि कर दी है।
प्रेस कॉन्फ्रेंस में कप्तान का बड़ा बयान
बता दें कि टीम इंडिया 13 फरवरी की देर रात कोलंबो पहुंची थी। मैच से एक दिन पहले हुई प्रेस कॉन्फ्रेंस में सूर्यकुमार यादव ने साफ कहा कि अभिषेक शर्मा अब पूरी तरह फिट हैं और पाकिस्तान के खिलाफ मैदान पर उतरेंगे। पिछले मुकाबले में फिटनेस कारणों से बाहर रहे अभिषेक की वापसी से भारतीय टॉप ऑर्डर को मजबूती मिलेगी।

103 डिग्री बुखार में खेले, फिर अस्पताल में भर्ती
दरअसल, टी20 वर्ल्ड कप 2026 में भारत ने अपना पहला मैच 7 फरवरी को यूएसए के खिलाफ खेला था, जिसमें अभिषेक शर्मा 103 डिग्री बुखार के बावजूद मैदान पर उतरे थे। मैच के बाद उन्हें पेट में संक्रमण हो गया और दिल्ली पहुंचने पर अस्पताल में भर्ती कराना पड़ा। इस दौरान उनका वजन भी थोड़ा कम हुआ।
12 फरवरी को नामीबिया के खिलाफ मुकाबले से पहले उन्हें अस्पताल से छुट्टी मिल गई थी, लेकिन टीम मैनेजमेंट ने एहतियातन उन्हें आराम देने का फैसला किया। उस मैच में उनकी जगह संजू सैमसन को मौका मिला था। अब फिटनेस टेस्ट पास करने के बाद अभिषेक की वापसी तय हो गई है।
पाकिस्तान के खिलाफ अभिषेक शर्मा का शानदार रिकॉर्ड
पाकिस्तान के खिलाफ अभिषेक शर्मा का रिकॉर्ड बेहद प्रभावशाली रहा है। पिछले साल एशिया कप में उन्होंने पाक टीम के खिलाफ तीन मैचों में 36.67 की औसत से 110 रन बनाए थे, जिसमें एक अर्धशतक भी शामिल था। टी20 इंटरनेशनल में पाकिस्तान के विरुद्ध उनका स्ट्राइक रेट 189.66 का है। ऐसे में उनकी वापसी से टीम इंडिया की बल्लेबाजी और आक्रामक नजर आएगी तथा पाकिस्तानी गेंदबाजों पर अतिरिक्त दबाव बनेगा।
मौसम की चेतावनी, 93% बारिश की संभावना
मैच से पहले मौसम ने चिंता बढ़ा दी है। श्रीलंका के मौसम विभाग ने 15 फरवरी को कोलंबो के आसपास दक्षिण-पूर्व बंगाल की खाड़ी में कम दबाव का क्षेत्र बनने की संभावना जताई है। नेचुरल हैजर्ड्स अर्ली वार्निंग सेंटर ने विशेष बुलेटिन जारी कर सतर्क रहने को कहा है।
मौसम पूर्वानुमान एजेंसी AccuWeather के अनुसार दिन में बारिश की संभावना 93 प्रतिशत तक है। हालांकि मैच के निर्धारित समय यानी भारतीय समयानुसार शाम 7 बजे तक बारिश की संभावना घटकर करीब 9 प्रतिशत रह जाती है। टॉस शाम 6:30 बजे होगा, लेकिन 6 बजे के आसपास 49 प्रतिशत बारिश की संभावना के कारण टॉस में देरी की आशंका जताई जा रही है। तापमान 26 से 28 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने का अनुमान है।
कितने बजे शुरू होगा मुकाबला?

भारत और पाकिस्तान के बीच यह हाई-वोल्टेज मैच भारतीय समयानुसार शाम 7 बजे शुरू होगा। भारतीय टीम की अगुवाई सूर्यकुमार यादव करेंगे, जबकि पाकिस्तान की कप्तानी सलमान अली आगा के हाथों में होगी। दोनों टीमें अपने-अपने शुरुआती दो मुकाबले जीत चुकी हैं और जीत की लय बरकरार रखना चाहेंगी।
कहां देखें लाइव मैच?
IND vs PAK मुकाबले का लाइव प्रसारण Star Sports नेटवर्क पर किया जाएगा। इसके अलावा लाइव स्ट्रीमिंग JioHotstar पर उपलब्ध रहेगी। फ्री में मैच देखने के इच्छुक दर्शक DD Sports चैनल पर इसका सीधा प्रसारण देख सकते हैं, बशर्ते उनके पास फ्री डिश कनेक्शन हो।
भारत-पाकिस्तान मुकाबले को लेकर रोमांच चरम पर
भारत-पाकिस्तान मुकाबले हमेशा से दबाव, जुनून और रोमांच का मिश्रण रहे हैं। एक ओर अभिषेक शर्मा की वापसी से भारतीय टीम मजबूत दिख रही है, तो दूसरी ओर मौसम की अनिश्चितता इस बड़े मुकाबले का रोमांच और बढ़ा रही है। अब देखना दिलचस्प होगा कि कोलंबो की पिच पर कौन सी टीम बाजी मारती है और कौन सी टीम की जीत की लय कायम रहती है।
Lalluram.Com के व्हाट्सएप चैनल को Follow करना न भूलें.
https://whatsapp.com/channel/0029Va9ikmL6RGJ8hkYEFC2H

