वीरेंद्र गहवई, बिलासपुर। बिलासपुर नगर निगम की तीसरी सामान्य सभा के दौरान लिंगियाडीह में अतिक्रमण हटाने और पेयजल की समस्याओं को लेकर कांग्रेस के नेताओं और पार्षदों द्वारा किए गए धरना-प्रदर्शन और हंगामे के बाद पुलिस ने उन पर कार्रवाई की है। सिविल लाइन थाना पुलिस ने इस मामले में कांग्रेस के शहर और ग्रामीण जिला अध्यक्ष समेत सात नामजद लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की है।

जानकारी के मुताबिक, बीते शुक्रवार को बिलासपुर नगर निगम की सामान्य सभा की बैठक थी। नगर पालिका निगम की लखीराम ऑडिटोरियम में आयोजित तीसरी सामान्य सभा की बैठक के दौरान लिंगियाडीह में अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई और पेयजल की अवस्थाओं को लेकर कांग्रेस ने विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया। सामान्य सभा के दौरान जमकर हंगामा भी हुआ। ऑडिटोरियम के बाहर जिनके अतिक्रमण ध्वस्त हुए हैं, उन्हें लेकर कांग्रेस के नेता और स्थानीय पार्षद धरने पर बैठ गए तथा हंगामा मचाने लगे।
लखीराम ऑडिटोरियम के बाहर बीच सड़क पर आंदोलनकारियों के साथ कांग्रेस पार्षद भी धरना देने लगे। इस दौरान जिला कांग्रेस कमेटी और एनएसयूआई के पदाधिकारी भी मौजूद रहे। शहर के व्यस्ततम मार्ग मिशन अस्पताल रोड को जाम कर दिया गया। ऐसे में महापौर पूजा विधानी सदन छोड़कर आंदोलनकारियों से मिलने पहुंचीं और उनकी समस्याएं सुनीं।
सामान्य सभा के दौरान भी वार्ड पार्षद दिलीप पाटिल ने यह मुद्दा सदन में उठाया, जिस पर सत्ता पक्ष के पार्षदों ने विरोध जताते हुए कहा कि सामान्य सभा में राजनीति नहीं होनी चाहिए। इसके बाद दोनों पक्षों के बीच तीखी बहस शुरू हो गई और सदन में भारी हंगामा हो गया। पानी के मुद्दे पर भी एक घंटे के प्रश्नकाल में 17 सवाल पूछे गए थे। वहीं आज सिविल लाइन थाना पुलिस ने चक्का जाम कर मार्ग बाधित करने पर बलवा और मार्ग बाधित करने की धाराओं में कांग्रेस के जिलाध्यक्षों समेत सात नामजद और अन्य पर एफआईआर दर्ज की है।
एडिशनल एसपी पंकज पटेल ने बताया कि नगर निगम की सामान्य सभा के दौरान लखीराम ऑडिटोरियम में बिना किसी पूर्व सूचना और अनुमति के कांग्रेस नेताओं ने धरना प्रदर्शन करते हुए व्यस्ततम मार्ग को बाधित कर दिया था। जिसके चलते कांग्रेस के शहर जिला अध्यक्ष सिद्धांशु मिश्रा, ग्रामीण जिला अध्यक्ष महेंद्र गंगोत्री, लिंगियाडीह वार्ड क्रमांक 52 के पार्षद दिलीप पाटिल समेत 7 अन्य पर एफआईआर दर्ज की गई है। वीडियो से अन्य आरोपियों की पहचान की जाएगी। पुलिस इस मामले में विवेचना कर जल्द ही चालान अदालत में प्रस्तुत करेगी।
Lalluram.Com के व्हाट्सएप चैनल को Follow करना न भूलें.
https://whatsapp.com/channel/0029Va9ikmL6RGJ8hkYEFC2H


