कुंदन कुमार, पटना। भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन कल यानी की 3 मार्च मंगलवार को अपने गृहनगर पटना आ रहे हैं। खबरों की माने तो वह पटना में ही अपनी होली मना सकते हैं। इस बार की होली उनके लिए इसलिए भी खास है क्योंकी पार्टी का राष्ट्रीय अध्यक्ष बनने के बाद यह उनकी होली है।

मिली जानकारी के अनुसार नितिन नबीन पटना के राज बाजार में आयोजित होली मिलन समारोह कार्यक्रम में शामिल रहेंगे। कार्यक्रम में बिहार बीजेपी के कई बड़े नेता भी मौजूद रहेंगे। कार्यक्रम के बाद नितिन नबीन पार्टी नेताओं के साथ बैठक कर सकते हैं। इस दौरान राज्यसभा चुनाव को लेकर अहम र्चचा हो सकती है। इस दौरान पार्टी से उम्मीदवारी को लेकर चर्चा के साथ ही सभी नेता भी अपनी राय रख सकते हैं।

चर्चा यह भी है कि बीजेपी इस बार पवन सिंह को राज्यसभा भेजने का विचार कर रही है। पवन सिंह ने बीते गुरुवार (26 फरवरी) को दिल्ली में बीजेपी अध्यक्ष नितिन नबीन से मुलाकात की थी। मुलाकात के बाद पवन सिंह ने मीडिया से बातचीत में कहा कि, मैंने सिर्फ उनसे आशीर्वाद लिया, शिष्टाचार मुलाकात की। वहीं, राज्यसभा भेजे जाने के सवाल पर कहा कि, मैं पार्टी का सिपाही हूं, मालिक जो चाहेंगे वही होगा। पवन सिंह ने भले ही इसे शिष्टाचार मुलाकात बता रहे हो लेकिन सियासी गलियों में इसके अलग-अलग मायने निकाले जा रहे हैं।

गौरतलब है कि चुनाव आयोग ने राज्यसभा चुनाव का कार्यक्रम घोषित कर दिया है, 16 मार्च को 10 राज्यों की 37 राज्यसभा सीटों पर चुनाव होना है, जिसमें बिहार की भी 5 राज्यसभा सीटों पर मतदान होना है। राज्यसभा की एक सीट जीतने के लिए करीब 41 विधायकों का समर्थन जरूरी होता है। ऐसे में एनडीए को चार सीटें आसानी से मिलती दिख रही हैं, जबकि महागठबंधन के पास सिर्फ 35 विधायक होने से उसकी राह मुश्किल नजर आ रही है। ऐसे में 5 सीटों वाली AIMIM राज्यसभा चुनाव में काफी अहम भूमिका निभा सकती है।

ये भी पढ़ें- पटना में चल रहे भूमिगत नाला और सड़क निर्माण कार्य का जायजा लेने पहुंचे CM नीतीश, अधिकारियों को काम में तेजी लाने का दिया निर्देश