Bihar Rajya Sabha Elections: बिहार में राज्यसभा की 5 सीटों पर चुनाव होना है। ऐसे में इन दिनों बिहार की सियासत में अटकलों का बाजार गर्म है। यह चर्चा का विषय बना हुआ है कि किस पार्टी से कौन-कौन राज्यसभा जा सकता है। इस बीच सियासी हलकों में यह भी चर्चा चल रही है कि जदयू कोटे से निशांत कुमार को राज्यसभा भेजा जा सकता है।

गौरतलब है कि जदयू की ओर से लंबे समय से निशांत कुमार को राजनीति में लाने की मांग होती रही है। इस बीच पार्टी के राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष संजय कुमार झा के बयान ने इस बहस को और तेज कर दिया है। दरअसल उन्होंने कहा है कि, पार्टी के अधिकतर नेताओं की राय है कि निशांत कुमार को राजनीति में आना चाहिए और पार्टी के लिए काम करना चाहिए। हालांकि अंतिम फैसला निशांत कुमार को खुद लेना है।

वहीं, इस मामले में बिहार सरकार के मंत्री और जदयू नेता अशोक चौधरी की भी प्रतिक्रिया सामने आई है। मीडिया से बातचीत में उन्होंने कहा कि, हम लंबे समय से कह रहे थे। वे किसी भी भूमिका में सक्रिय राजनीति में आएं। वे पढ़े लिखे हैं, नीतीश कुमार की सच्ची फोटोकॉपी हैं। पार्टी का नीतीश कुमार पर दबाव था। चुनाव से पहले ही लोगों की मांग थी। ये पार्टी को होली का बड़ा तोहफा है।

मिली जानकारी के अनुसार अगर निशांत राज्यसभा जाने के लिए हामी भरते हैं, तो 4 या 5 मार्च को वह अपना नामांकन दाखिल कर सकते हैं। उनके राज्यसभा जाने से इंकार करने पर जदयू कोटे से मनीष वर्मा और रामनाथ ठाकुर का नाम आगे बढ़ाया जा सकता है।

ये भी पढ़ें- बिहार में बंधक युवाओं को छुड़ाने पहुंची पुलिस टीम पर हमला, महिलाओं ने ASI को दौड़ा-दौड़ाकर पीटा, VIDEO वायरल