पटना। जिले के दानापुर अंतर्गत नागेश्वर नगर में एक राष्ट्रीय स्तर के मुक्केबाज (बॉक्सर) कुणाल कुमार का शव संदिग्ध अवस्था में फंदे से लटका मिला। जहां पुलिस इसे प्रथम दृष्टया आत्महत्या मान रही है, वहीं परिजनों ने सीधे तौर पर हत्या का आरोप लगाया है। मृतक आरा के जगदीशपुर का रहने वाला था और दानापुर में अपने चाचा के घर रहकर मैट्रिक की परीक्षा दे रहा था।
व्हाट्सएप कॉल और खुला दरवाजा बढ़ा रहा शक
मृतक के पिता कृष्ण कुमार सिंह ने बताया कि घटना से ठीक पहले कुणाल के मोबाइल से एक व्हाट्सएप कॉल आया था, जिसमें उसने ‘बचाओ-बचाओ’ की गुहार लगाई थी। जब तक परिजन मौके पर पहुंचे, वहां पुलिस पहले से मौजूद थी। पिता का तर्क है कि यदि बेटा सुसाइड करता, तो कमरा अंदर से बंद होता, लेकिन दरवाजा खुला मिलना बड़ी साजिश की ओर इशारा करता है।
होनहार खिलाड़ी और करियर का अंत
कुणाल न केवल पढ़ाई में तेज था, बल्कि खेल जगत का भी उभरता सितारा था। नेशनल बॉक्सर होने के साथ ही उसने हाल ही में पटना ओपन दौड़ में दूसरा स्थान प्राप्त किया था। 7 तारीख को उसकी आखिरी परीक्षा थी और उसने घर लौटने का वादा किया था। परिजनों के मुताबिक, जो युवक अपने भविष्य को लेकर इतना उत्साहित हो, वह आत्महत्या नहीं कर सकता।
पुलिस की जांच और पोस्टमार्टम का इंतजार
दानापुर पुलिस (SI दिलीप माली) के अनुसार, गश्ती के दौरान उन्हें नागेश्वर कॉलोनी में युवक के फंदे से लटकने की सूचना मिली थी। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के असली कारणों का खुलासा हो पाएगा। फिलहाल, पुलिस हर एंगल से मामले की तफ्तीश कर रही है।
- छत्तीसगढ़ की खबरें पढ़ने यहां क्लिक करें
- उत्तर प्रदेश की खबरें पढ़ने यहां क्लिक करें
- लल्लूराम डॉट कॉम की खबरें English में पढ़ने यहां क्लिक करें
- खेल की खबरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें
- मनोरंजन की बड़ी खबरें पढ़ने के लिए क्लिक करें

