प्रवीण साहू, अभनपुर। क्षेत्र के भलेरा सहकारी समिति में धान खरीदी को लेकर गंभीर अनियमितता का मामला सामने आया है। आरोप है कि समिति के कुछ कर्मचारियों द्वारा धान की बोरियों में पाइप के माध्यम से पानी डाला जा रहा था। इस पूरी घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसके बाद क्षेत्र में हड़कंप मच गया है। ग्रामीणों में आक्रोश देखा जा रहा है।

मिली जानकारी के अनुसार, जब समिति परिसर में यह काम किया जा रहा था, उसी दौरान कुछ ग्रामीणों ने कर्मचारियों को रंगे हाथों पकड़ लिया और मौके पर ही विरोध जताया। ग्रामीणों का आरोप है कि धान की बोरियों में पानी डालकर उनका वजन बढ़ाने की कोशिश की जा रही थी, जिससे शासन को आर्थिक नुकसान पहुंच सकता है।

घटना सामने आने के बाद राजनीतिक प्रतिक्रिया भी शुरू हो गई है। कांग्रेस नेता एवं जिला पंचायत सदस्य यशवंत साहू ने इस पूरे मामले की कड़ी निंदा की है। उन्होंने कहा कि किसानों और शासन के साथ इस प्रकार की गड़बड़ी किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं की जाएगी। यशवंत साहू ने प्रशासन से मांग की है कि सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो की निष्पक्ष जांच कर दोषी कर्मचारियों की पहचान की जाए और उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए, ताकि भविष्य में इस तरह की अनियमितता दोबारा न हो। वहीं घटना के सामने आने के बाद क्षेत्र के लोगों ने भी प्रशासन से मामले की गंभीरता से जांच कर जिम्मेदार लोगों पर कड़ी कार्रवाई करने की मांग की है।

देखें वीडियो –