कृष्ण कुमार मिश्रा, जौनपुर. शहर कोतवाली थाना क्षेत्र के मानेपुर मोहल्ले में रेलवे स्टेशन के पीछे स्थित कदम रसूल छोटी लाइन इमामबाड़ा में बुधवार को अराजक तत्वों द्वारा तोड़फोड़ किए जाने की घटना सामने आई है. इमामबाड़े के गेट का ताला तोड़कर अंदर घुसे उपद्रवियों ने परिसर में रखे सामान को नुकसान पहुंचाया, जिससे क्षेत्र में आक्रोश फैल गया. घटना की जानकारी मिलते ही बड़ी संख्या में स्थानीय लोग इमामबाड़े पर जुट गए. सूचना पर पुलिस भी तत्काल मौके पर पहुंच गई और हालात को नियंत्रित करते हुए जांच शुरू कर दी.

बताया जा रहा है कि होली के दिन क्षेत्र सुनसान होने का फायदा उठाकर कुछ अराजक तत्व पीछे के गेट का ताला तोड़कर अंदर घुस गए और वहां रखे सामान के साथ तोड़फोड़ की. पंजतनी कमेटी के अध्यक्ष शाहिद मेंहदी ने घटना की सूचना पुलिस को दी. मौके पर शहर कोतवाल वीपी सिंह, सीओ सिटी गोल्डी गुप्ता, सीओ सदर देवेश कुमार और सीओ मड़ियाहूं परमानंद कुशवाहा समेत भारी पुलिस बल पहुंच गया. देर रात फोरेंसिक टीम और एसओजी की टीम ने भी मौके पर पहुंचकर जांच शुरू की.

इसे भी पढ़ें : यूपी में दबंगों के हौसले बुलंद! धारदार हथियार से युवक पर किया हमला, हालत गंभीर

घटना की सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में लोग मौके पर पहुंच गए. इस दौरान शिया धर्मगुरु जामा मस्जिद के पेश इमाम मौलाना महफूजुल हसन खान, मौलाना सफदर हुसैन जैदी, मौलाना फैजले मुमताज और मौलाना मेराज हैदर खान समेत कई गणमान्य लोगों ने जिला प्रशासन से शिकायत कर कड़ी कार्रवाई की मांग की. अपर पुलिस अधीक्षरक ग्रामीण आतिश कुमार सिंह ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी. फिलहाल कमेटी की ओर से थाना कोतवाली में तहरीर दे दी गई है.