Nishant Kumar: मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के बेटे निशांत कुमार के राजनीतिक सफर की शुरुआत आज रविवार (8 मार्च) से शुरू हो गई। पटना स्थित पार्टी कार्यालय में आज उन्होंने जदयू की सदस्यता ग्रहण की। पार्टी के कार्यकारी अध्यक्ष संजय झा ने उन्हें पार्टी सदस्यता दिलाई। जदयू में शामिल होने के बाद निशांत पटना जंक्शन स्थित महावीर मंदिर पहुंचे। निशांत ने हनुमान जी की पूजा-अर्चना कर उनसे आशीर्वाद लिया।

निशांत कुमार के जदयू में शामिल होने पर लालू यादव की बेटी रोहिणी आचार्य ने तीखा तंज कसा है। रोहिणी आचार्य ने सोशल मीडिया एक्स पर लिखा- चाचा जी … कहां विलुप्त हो गई दूसरों के संदर्भ में कही गई आपकी परिवारवाद वाली थोंथी दलील व बेतुकी थ्योरी ?

रोहिणी ने आगे लिखा- आपकी कथनी और करनी में हमेशा बड़ा फर्क रहा है। सच कहूं तो आप राजनीतिक व वैचारिक विरोधाभास की वो पराकाष्ठा रहे हैं, जिस पर सटीक बैठती है, ये कहावत “पर उपदेश कुशल बहुतेरे”।

हालांकि रोहिणी ने निशांत को राजनीति में आने की शुभकामनाएं भी दी। उन्होंने कहा- वैसे निशांत को मेरी तरफ से हार्दिक बधाई एवं ढेरों शुभकामनाएं। निशांत का राजनीति में स्वागत है। इस उम्मीद के साथ कि निशांत आपकी तरह कुर्सी से चिपके रहने की राजनीति के इतर जनसरोकार की राजनीति करेंगे और फासीवादी भाजपा के आगे आपकी तरह कभी मजबूर, लाचार और बेबस नहीं दिखेंगे।

ये भी पढ़ें- जदयू में शामिल होते ही पिता के पास पहुंचे निशांत, सीएम नीतीश को मिठाई खिलाकर लिया आशीर्वाद