कुंदन कुमार, पटना। सीएम नीतीश के बेटे निशांत कुमार के राजनीतिक सफर की शुरुआत आज रविवार (8 मार्च) से शुरू हो गई। नीतीश ने पटना स्थित जदयू कार्यालय में औपचारिक रूप से पार्टी की सदस्यता ग्रहण की। पार्टी के राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष संजय झा ने उन्हें सदस्यता दिलाई। इसके बाद उन्होंने पिता नीतीश से मुलाकात की और महावीर मंदिर व पटना हाईकोर्ट मजार में जाकर दर्शन किया और आशीर्वाद मांगा।

राजनीति करना सभी का अधिकार- राजद

निशांत कुमार के जदयू में शामिल होने पर राजद के प्रवक्ता मृत्युंजय तिवारी की प्रतिक्रिया सामने आई है। राजद प्रवक्ता ने कहा कि, हर किसी का अधिकार है कि वो राजनीति करे। निशांत जी को लेकर तेजस्वी यादव भी कहे थे कि उन्हें राजनीति में आना चाहिए। इस दौरान मृत्युंजय तिवारी ने भाजपा को लेकर भी बड़ा बयान दिया और कहा कि, बीजेपी जो राजनीति बिहार में कर रही है, वो कहीं से ठीक नहीं है। बिहार में ऐसी राजनीति करना गलत है। बिहार की जनता सब देख रही है।

बीजेपी ने नीतीश को किया हाईजैक- विपक्ष

गौरतलब है कि राजद व विपक्ष के लोगों का कहना है कि बीजेपी नीतीश कुमार को राज्यसभा भेजकर बीजेपी बिहार में अपना सीएम बनाना चाहती है। बिहार की जनता ने नीतीश को देखकर ही इतना बड़ा जनादेश दिया था। यह जनादेश का अपमान हैं, उनके साथ धोखा है। नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी ने भी कहा था कि, बीजेपी ने सीएम नीतीश हाईजैक कर लिया है।

नेता प्रतिपक्ष ने कहा था कि, बिहार में महाराष्ट्र मॉडल लाया गया। बीजेपी, जिसके साथ रही उसे तबाह किया। बीजेपी बिहार में RSS का मॉडल ला रही है। भारतीय जनता पार्टी का शुरू से रणनीति रहा है, सहयोगियों को धोखा दो अपना राज करो।

कार्यकर्ताओं ने कार्यालय में की थी तोड़फोड़

मुख्यमंत्री नीतीश को राज्यसभा भेजे जाने से जदयू कार्यकर्ताओं में काफी नाराजगी है। नामांकन वाले दिन कार्यकर्ताओं ने पार्टी कार्यालय में जमकर तोड़फोड़ की और नारेबाज़ी की थी। इस दौरान टेबल पर रखे गए प्लेट और बर्तन को भी तोड़ डाला गया, जिसका वीडियो सोशल मीडिया पर भी वायरल हुआ था। आक्रोशित कार्यकर्ताओं ने पार्टी के कई वरिष्ठ नेताओं के खिलाफ नारे लगाए और उन्हें “चोर” बताया था।

ये भी पढ़ें- निशांत के जदयू में शामिल होने पर रोहिणी आचार्य ने दी बधाई, CM नीतीश के लिए कही ये चुभने वाली बात